बीकानेर। राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष नानूसिंह सांखला ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 25 अगस्त को सायं शिक्षा संकुल जयपुर में निदेशक माध्यमिक शिक्षा भास्कर ए.सावंत से मुलाकात की और समानीकरण में शारीरिक शिक्षकों के पदों के मानदण्डों के बारे में जानकारी ली। वार्ता में सावंत ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षा अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि समानीकरण के तहत सैकेण्डरी स्कूल में सैकेण्ड ग्रेड के पीटीआई रखे जाने का मानदण्ड तैयार किया गया। सांखला ने यह बताया कि समानीकरण शारीरिक शिक्षकों के लिए वरदान साबित हुआ है। इस मानदण्ड के लिए संगठन पिछले 29 वर्षों से संघर्ष करता आ रहा है। राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री भंवरलाल मेघवाल तथा शिक्षा निदेशक माध्यमिक भास्कर सावंत का आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग में समानीकरण के तहत शारीरिक शिक्षकों के पदों के मानदण्डानुसार उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रथम श्रेणी, द्वितीय श्रेणी शा.शि. तथा माध्यमिक विद्यालयों में तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों के पद रखे थे। इन मानदण्डों का राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव स्कूली शिक्षा तथा निदेशक माध्यमिक तथा प्रारंभिक शिक्षा, राज. बीकानेर को पत्र लिखकर समानीकरण में शारीरिक शिक्षकों के पदों के मानदण्ड का विरोध किया था तथा मांग रखी थी कि उमावि में प्रथम श्रेणी तथा माध्यमिक विद्यालयों में द्वितीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों के पद रखे जावें।