जयपुर। सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक, डॉ. अमर सिंह राठौड को 30 अगस्त को कोटा में आयोजित एक समारोह में कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी पत्रकारिता पुरस्कार 2009 से सम्मानित किया जायेगा। डॉ. राठौड को पुरस्कार के रूप में इकत्तीस हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जायेगा। समारोह पुरूषार्थ भवन, इण्डस्ट्रियल एरिया झालावाड रोड, कोटा में तीस अगस्त को दोपहर तीन बजे आयोजित किया गया है। इस समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा होंगे तथा अध्यक्षता राज्य के ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह करेंगे। डॉ. राठौड को यह पुरस्कार उनके 31 नवम्बर 2007 से 18 दिसम्बर 2008 की अवधि के दौरान विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में उनके चिंतनमूलक टिप्पणियों पर आधारित आलेखों पर दिया गया है। सम सामयिक विषयों पर लिखे गये इन आलेखों में डॉ. राठौड ने अपनी मेधा के साथ स्वतंत्र चिंतन और बेबाकपन का परिचय देते हुए पत्रकारिता कर्म के सामने नया दृष्टिकोण रखा था। समारोह में पांच अन्य पत्रकारों हुलास तिवाडी (सीकर), थानमल लोहार (जालौर), जितेन्द्र अग्रवाल (नसीराबाद), रणवीर सिंह चौहान (भवानी मंडी) तथा मनोहर पारीक (कोटा) को भी सम्मानित किया जाएगा। इनको ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र, शॉल और स्मृति चिन्ह दिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी की स्मृति में हर वर्ष एक वरिष्ठ पत्रकार को पुरस्कार दिया जाता है। इस पुरस्कार के लिए गठित समिति ने इस पुरस्कार के लिए डॉ. अमर सिंह राठौड का चयन किया है।