बीकानेर । गंगाशहर थाना पुलिस ने बीती रात गजनेर रोड पर नाल रेलवे क्रॉसिंग के समीप नाकाबंदी के दौरान चोरी की टोयटा इनोवा गाडी समेत उसमें सवार एक शातिर को धर दबोचा। जबकि उसके साथ सवार दो साथी फरार हो गये। बताया जाता है कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गयी नाकाबंदी के दौरान जब गंगाशहर थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह ने मय जाब्ता नाल रेलवे क्रॉसिंग की तरफ बीकानेर की ओर से आ रही सफेद रंग की टोयटा इनोवा गाडी को रोका गया था। गाडी में सवार तीन संदिग्ध जने गाडी रोकने के बजाय तेजी से भगा ले गये, इस दरम्यान गंगाशहर थाना पुलिस ने भी उनकी गाडी का पीछा शुरू कर दिया। इनोवा में सवार शातिरों ने टक्कर मारकर पुलिस की जिप्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान पुलिस की गाडी भी कच्चे में उतर गयी और चोरों की इनोवा भी कच्चे में उतर कर रेत में फंस गई और गाडी सवार दो जने तो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए जबकि एक जने को पुलिस ने घेर कर धर दबोचा। गंगाशहर थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह ने बताया कि पकडा गया आरोपी रघुवीर मेघवाल पुत्र सुगनाराम तारानगर चूरु का वाशिंदा है और मौके से फरार हुए उसके दोनों साथी अंतर्राज्यीय लक्जरी कार चोर गिरोह के सदस्य है। जब्त की गई इनोवा गाडी नं.जीएन 1 एफसी 5/21 गुजरात से चोरी की गयी है, जिसमें तलाशी के दौरान फर्जी आरसी भी जब्त की गई है। थाना प्रभारी के अनुसार पकडे गये अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा।