बीकानेर। एपीथ्रीआई और राजस्थान जर्नलिस्ट फोटो क्लब की ओर से सुदर्शना कला दीर्घा में आयोजित की गयी दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन आज बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मेघचंद मीणा ने किया। इस अवसर पर मीणा ने प्रेस फोटोग्राफर्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे पुलिस और कानून दोनों का कार्य करते है। क्योंकि समाचार पत्रों में छपे चित्र गवाह के रूप में काम आते है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी पदमाराम कुलरिया ने कहा कि प्रेस फोटोग्राफर अपने चित्रों से सरकार, प्रशासन और समाज के समक्ष एक आईना प्रस्तुत करते है। विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित महापौर मकसूद अहमद ने छायाकारों के कार्य को उत्कृष्ट बताया और प्रदर्शनी में लगे चित्रों की प्रशंसा की। समारोह में एपीथ्रीआई के महासचिव विक्रम जागरवाल पूर्व अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा, वर्तमान अध्यक्ष बसंत व्यास, अजीज भुट्टा, मनीष पारीक, ओम मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संगठन के महासचिव विक्रम जगरवाल ने बताया कि प्रदर्शनी गुरुवार को जारी रहेगी। प्रदर्शनी देखने का समय प्रातः 10 बजे से सायं 7 बजे तक रहेगा। छायाकार दिनेश गुप्ता व श्रीराम रामावत ने समारोह में आये अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया।