डूंगरपुर २६ सितंबर/जिले के दौरे पर आए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंशप्रसाद सिंह बरबोदनिया में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारन्टी योजना के तहत करवाए गए विकास कार्यों को देखकर अभिभूत हो गए।
राज्य के पंचायती राज मंत्री कालूलाल गुर्जर के साथ आए मंत्री रघुवंशप्रसाद सिंह ने देर सायं यहां ग्राम पंचायत बरबोदनिया की ओर से ७.२८ लाख रूपयों की लागत से करवाए गए चारागाह विकास कार्य को सराहते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के कृषकों को राहत प्राप्त हो रही है जो इस योजना का शुभ संकेत है। उन्होंने रतनजोत पौधारोपण को देखते हुए कहा कि बायोडीजल के रूप में क्षेत्रवासियों को भावी सौगात प्राप्त होगी। सिंह ने जलस्त्रोत निर्माण की आवश्यकता प्रतिपादित करते हुए इसके लिए कार्य को प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री को जिला कलेक्टर नीरज के.पवन व सीईओ रामनिवास ने संपादित कार्यों की जाानकारी दी। इससे पूर्व केन्द्रीय मंत्री व अन्य अतिथियों का उपखण्ड अधिकारी बी.एल. मीणा, कार्यक्रम अधिकारी मदनलाल सिहाग सहित जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख ताराचन्द भगोरा, उपजिला प्रमुख प्रेम कुमार पाटीदार, विधायक पुंजीलाल परमार, सागवाडा प्रधान आशा डेण्डोर, कार्यक्रम आयुक्त निरंजन आर्य, प्रमुख शासन सचिव अमृता, वाटरशेड निदेशक कुंजीलाल मीणा व अमृत मीणा भी उपस्थित थे।
पौधारोपण भी किया केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंशप्रसाद सिंह, राज्य के पंचायती राज मंत्री कालूलाल गुर्जर, जिला प्रमुख ताराचन्द भगोरा, कार्यक्रम आयुक्त निरंजन आर्य, प्रमुख शासन सचिव अमृता, वाटरशेड निदेशक कुंजीलाल मीणा सहित अतिथियों ने बरबोदनिया चारागाह विकास क्षेत्र में पौधारोपण कर सींचन किया।
डेयरी विकास के लिए चैक वितरण केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंशप्रसाद सिंह ने बरबोदनिया में आयोजित समारोह में स्वर्णजयन्ती ग्राम स्वरोजगार योजनान्तर्गत डेयरी गतिविधि के लिए भीलूडा के तोरणिया फला के आशापुरा स्वयं सहायता समूह एवं कल्याण स्वयं सहायता समूह को ४.३२ लाख रूपयों के ऋण व अनुदान के चैकों का वितरण किया।