जयपुर २६ सितंबर। सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राठौड ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश को विकास की दृष्टि से नई ऊँचाइयाँ देने को दृढ संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण एवं विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी।
श्री राठौड मंगलवार को चूरू में विभिन्न समारोहों में बोल रहे थे। उन्होंने राजकीय बुद्धिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रतननगर की ओर से जिला स्टेडियम में ५२वीं राज्य स्तरीय छात्रा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारम्भ करने के साथ ही एन.सी.सी. के प्रशिक्षण शिविर में केडेट्स को भी सम्बोधित किया।
सवाई सागर में उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के मन में विकास की कल्पना हो एवं जनता उनका हौंसला बुलन्द करती रहे तो विकास की गति कभी रूक नहीं सकती।
सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने कहा कि शहर के इन्द्रमणि पार्क के विकास के लिए ७६ लाख रूपये की योजना बनाकर राज्य सरकार को भिजवाई गई है जिसकी स्वीकृति के बाद पार्क को और अधिक विकसित कर रमणीक स्थल बनाया जायेगा।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री रमाकांत औझा ने कहा कि आज चूरू जिले में जितना विकास हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ था। समारोह में सार्वजनिक निर्माण मंत्री व पालिका अध्यक्ष का साफा पहनाकर, शॉल औढाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। विमल सारस्वत द्वारा अतिथियों को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया।
सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने स्थानीय कृषि उपज मण्डी समिति में किसान जीवन कल्याण योजनान्तर्गत ९ किसानों एवं उनके आश्रितों को २ लाख ८६ हजार रूपये की राशि के चैक वितरित किये। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सरकार गांव और गरीब के विकास के लिए कृत संकल्पित है और इसके लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है और उनकी समस्याओं का निराकरण करने में सदैव तत्पर रहती है।
राज्य स्तरीय छात्रा एथेलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर श्री राजेन्द्र राठौड ने कहा कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में खिलाडयों में अनुशासन, भाईचारा, आपसी सद्भाव एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाडयों का आव्ह्ान किया है कि वे खेल को खेल की भावना से खेलते हुए अच्छे खेल का प्रदर्शन करें।
द्वितीय राज बटालियन एन,सी.सी. चूरू के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी के लिए एन.सी.सी प्रशिक्षण शिविर जीवन की बुनियाद रखते हैं तथा जीवन में वर्तमान समय की समझ एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है, ऐसे में व्यक्ति को अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत होकर विकास की मुख्य धारा से जुडना चाहिए।