सूरतगढ, 26 सितम्बर। लालपुरा पालीवाला स्थित गुरूकुल कॉलेज द्वारा छात्रों ओर अभिभावकों से छात्रावास के नाम पर भारी शुल्क लिया जा रहा है जबकि कॉलेज में अभी छात्रावास भवन जैसी कोई सुविधा उपलब्ध ही नहीं है। मजे की बात यह है कि कॉलेज के संचालकों द्वारा छात्रावास शुल्क प्राप्ति की रसीदें विजिटिंग कार्ड पर जारी की जा रही ह।
‘‘हाईलाइन’’ को कुछ विद्यार्थियों और अभिभावकों से मिली जानकारी के अनुसार फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश के समय उनसे कॉलेज के निदेशक डॉ. अतुल अरोडा ने कॉलेज में छात्रावास सुविधा उपलब्ध होने के बात कही थी। और उनके इस आश्वासन पर अभिभावकों ने 28 हजार एक सौ रूपये का छात्रावास शुल्क कॉलेज निदेशक को नकद भुगतान किया था। इस भुगतान की रसीद मांगने पर संचालक महोदय ने रसीद छपी न होने का कह कर अपने विजिटिंग कार्ड पर ही प्राप्ति रसीद बना कर दे दी थी जबकि नियमानुसार विद्यार्थियों से लिये जाने किसी भी प्रकार के शुल्क की महाविद्यालय द्वारा निर्धारित प्राप्ति रसीद जारी करनी होती है।
बात यही तक होती तब भी बेचारे अभिभावक बर्दाश्त कर लेते लेकिन जब उनके बच्चे अध्ययन के लिए कॉलेज पहुंचे तो पता चला कि महाविद्यालय परिसर में छात्रावास की कोई सुविधा नहीं है। कॉलेज के शहर के बीस किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के कारण वहां समुचित आवासीय सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में दूरदराज से आने वाले विद्यार्थी और अभिभावक असंमजस में हैं कि उनके साथ हुई लूट का शिकवा कहां करें।
हालांकि उन्होंने इस मामले को लेकर समन्यवक, आर.पी.ई.टी. व कुलपति राजस्थान तकनीकी शिक्षा विश्वविद्यालय को लिखित प्रतिवेदन भेज कर अपने बच्चों का प्रवेश निरस्त किये जाने और इस महाविद्यालय द्वारा लिये गए अवैध शुल्क को लौटाए जाने कि मांग की है