बीकानेर,२६ सितम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दिगम्बर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने गत् चार वर्षों में प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के काम किये है। उन्होंने कहा कि जितने नये संस्थान इस सरकार द्वारा खोले गये है, उतने बीस सालों में भी नहीं खुलपाये, जो एक रिकार्ड है।
प्रभारी मंत्री बुधवार को कलेक्ट्रट सभागार में आयोजित बैठक में बीस-सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम के जो भी लक्ष्य है, उन्हें संबंधित विभाग समय रहते पूरा कर जन-मानस को राहत पहुंचाएं। जनप्रतिनिधियों से भी सकारात्मक सहयोग की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता के लिए उसकी किरयान्विति एवं प्रभावी मोनिटरिंग जरूरी है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य में एक भी ऐसी ग्राम पंचायत नहीं है, जहां स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था न हो। लगभग बकाया ८६ ग्राम पंचायतों में ८ हजार ६३४ उप केन्द्र खोले गये है तथा एक ए.एन.एम.के साथ एक अतिरिक्त स्टॉफ की भी व्यवस्था की जा रही है। आने वाले समय में साढे आठ हजार नर्स-कम्पाउन्डरों की भर्ती होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर दो का अतिरिक्त स्टाफ सुलभ कराया जायेगा। चिकित्सा अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जननी सुरक्षा का व्यापक प्रचार करें और कहा कि प्रत्येक चिकित्सा संस्थान के बाहर जननी सुरक्षा की जानकारी बोर्ड पर अंकित की जाये। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचे गंभीर रोगी को रैफर होने वाले चिकित्सा संस्थान तक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी चिकित्सा विभाग की है। अतः इसकी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आगामी एक अक्टूबर से ३० अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगे। इस दौरान सर्जन,फिजीशियन एवं विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। जांच व दवाइयों की पूरी व्यवस्था शिविर में रहेगी।नसबन्दी के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से स्वयं सेवी संस्थाओं एवं नेहरू युवा केन्द्र के कार्यकताओं से सहयोग लेने की बात कही।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि गरीब को कैरोसिन पूरा मिले,इसके लिए प्रभावी मोनिटरिंग करें। इसके लिए उन्होंने विशेष दल गठित करें और जहां गडबडी मिले,उनके विरूद्ध कडी कार्यवाही की जावे। उन्होंने गांवों में संचालित आंगनबाडी केन्द्रों पर संचालित योजनाओं पर कहा कि जनप्रतिनिधि केन्द्र पर उपस्थित रहकर योजना का लाभ दिलाये। उन्होंने विभाग के अधिकारी को एक-एक आंगनबाडी केन्द्र को चेक करने के भी निर्देश दिये। बैठक में नोखा विधायक गोविन्द मेघवाल ने खारियापतावतान में पेयजल आपूर्ति का मामला उठाया,जिसपर मंत्री ने पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिये। नोखा के पूर्व प्रधान सही राम ने नोखा के राजकीय अस्पताल में महिला चिकित्सक लगाये जाने की आवश्यकता जताई।
बैठक में जिला कलक्टर आलोक गुप्ता ने बीस-सूत्री कार्यक्रम के लक्ष्यों की प्राप्ति को आश्वस्त करते हुए कहा कि लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अधिकारी समन्वय से कार्य करें। बैठक में उप जिला प्रमुख प्रेम सुख साहरण,पूर्व विधायक किसना राम नाई,लूणकरनसर प्रधान रूपा राम कुलरिया,अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन राजेन्द्र मिश्रा,आयुक्त नगर परिषद प्रेम सुख बिशनोई,न्यास सचिव प्रियंका गोस्वामी सहित विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे।