जयपुर, २६ अक्टूबर। सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री राजेन्द्र राठौड ने कहा है कि सरकार गांव,गरीब और किसान के विकास के लिए कृत संकल्पित है और इसके लिए पुरजोर प्रयास कर रही है।
श्री राठौड गुरूवार को चूरू जिले के दाऊदसर ग्राम में ३३/११ के.वी. जी.एस.एस. और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ( नव क्रमोन्नत) का उद्घाटन करने के बाद नीम नारायण धाम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांवों में विधुत सब ग्रिड स्टेशनों का जाल बिछाकर विद्युत छीजत को कम कर किसानों को गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में सडकों का जाल बिछाकर यातायात को सुगम बनाया गया है और राज्य में ७ हजार से अधिक गांवों को सडकों से जोडा गया है। उन्होंने रतनगढ क्षेत्र में सडक विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि रतनगढ क्षेत्र में १४ करोड ८१ लाख रुपये व्यय किये गये हैं।
श्री राठौड ने दाऊदसर में नव क्रमोन्नत विद्यालय का उद्घाटन करने के बाद लोगों से कहा है कि जमाना तेजी से बदल रहा है। इस बदलते जमाने में शिक्षा का महत्व बहुत बढ जाता है। आवश्यकता इस बात की है कि शिक्षक, अभिभावक, छात्र और छात्राएं विद्या के मंदिर में शिक्षा का वातावरण बनायें और विद्यालयों से अटूट संबंध बनाये रखें। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। गत चार सालों में जितने नये विद्यालय खोले गये हैं और क्रमोन्नत किये गये हैं पहले कभी नहीं हुए । सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने दाऊदसर, धीरासर और दाऊदसर से नीम नारायण धाम तक सडक बनाने का आश्वासन दिया। गौरीसर से दाऊदसर सडक सुदृढीकरण की भी घोषणा की ।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए ५२ हजार अध्यापकों की नियुक्ति की गई है तथा ३५ हजार की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी हैं। विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं दोपहर का भोजन छात्र-छात्राओं को दिया जा रहा है। केन्द्रीय सहकारी बैंक में ब्याज दर कम की गई है। बेरोजगारी भत्ता ४०० रुपये दिया जा रहा है। पेंशन राशि में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित किये गये हैं।
इस अवसर पर रतनगढ के विधायक श्री राजकुमार रिणवां ने सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का खजाना विकास के लिए सदैव खुला रहता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है जरूरत है दृढ इच्छाशक्ति की।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री रामसिंह कस्वां ने राज्य में शहर और गांव के विकास में सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख श्रीमती कमला कस्वां ने भी अपने विचार व्यक्त किये।