बांसवाडा, (वागड विजन) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने कहा है कि धर्मऔर संस्कृति के मूल्यों बगैर मनुष्य जीवन मूल्यहीन और भारस्वरूप है। इसलिए धर्म-संस्कृति के मूल मर्म को आत्मसात कर कल्याणकारी एवं सकारात्मक जीवन जीने की आदत बनानी चाहिए, तभी मनुष्य संसार से सुख प्राप्ति और परलोक सुधारने का प्रयास कर सकता है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने यह उद्गार मशहूर अध्यात्म विभूति, प्राचीनतम एवं ऐतिहासिक लालीवाव मठ के पीठाधीश्वर महन्त नारायणदास महाराज की स्मृति म लालीवाव मठ में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के समापन अवसर पर शुक्रवार रात व्यक्त किए।
समारोह की अध्यक्षता लालीवाव मठाधीश महन्त हरिओमशरणदास महाराज ने की जबकि नासिक के महन्त एवं दार्शनिक डॉ. गंगादास महाराज, गुरु आश्रम छींछ के महन्त घनश्यामदास महाराज एवं कालीकल्याण धाम के महन्त बद्रीदास महाराज एवं अन्य संत-महन्त विशिष्ट अतिथि थे।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने महन्त नारायणदास महाराज की तस्वीर पर पुष्पमाला चढायी तथा इसके सम्मुख दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह की शुरूआत की।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने इस अवसर पर धर्म,संस्कृति औरअध्यात्मक तथा सामाजिक कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में लालीवाव मठ की सदियों पुरानी परम्पराओं व योगदान का जिक्र करते हुए महन्त नारायणदास महाराज का स्मरण किया और कहा कि मठ की परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए मठ के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्हने मन्दिरों और मठों को पुरातन परम्पराओं और दिव्य ज्ञानराशि के संवहन का दैवीय माध्यम बताया और कहा कि इनसे प्रत्येक व्यक्ति को दिव्य जीवन की प्रेरणा मिलती है।
साल भर चलेंगी रचनात्मक गतिविधियां
लालीवाव पीठाधीश्वर महन्त हरिओमशरणदास महाराज ने लालीवाव के बहुआयामी गौरवपूर्ण इतिहास और महन्त परम्परा का स्मरण कराते हुए कहा कि बांसवाडा जिले की रचनात्मक गतिविधियों के प्रोत्साहन, सकारात्मक सोच वाले श्रेष्ठ व्यक्तियों को बेहतर वैचारिक चिन्तन का मंच उपलब्ध कराने, विभिन्न क्षेत्रों में वागड की प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और सम्मान के क्षेत्र में योजनाबद्ध रूप से सशक्त भूमिका का निर्वाह करेगा और सामाजिक सरोकारों से जुडी विभिन्न पुरस्कार और कल्याण योजनाओं का सूत्रपात किया जाएगा।
लालीवाव महन्त ने बताया कि महन्त नारायणदास महाराज की स्मृति में अब हर वर्ष तीन दिवसीय समारोह किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
महन्त की समाधि पर पुष्पान्जलि अर्पित
चिकित्सा राज्यमंत्री जोशी ने लालीवाव मठ में संत नारायणदास महाराज की छतरी में पहुंच कर उनकी चरणपादुकाओं की पूजा की और पुष्पान्जलि अर्पित की। इसके साथ ही जोशी नेमहन्त नारायणदास की मूर्ति को भी पुष्पहार पहना कर श्रद्धा निवेदित की।
भवानी ने किया अभिषेक, आरती उतारी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने लालीवाव मठ में महन्त नारायणदास महाराज की स्मृति में वनेश्वर प्रदोष मण्डल द्वारा आयोजित महारूद्रार्चन अनुष्ठान में हिस्सा लिया और जलाभिषेक करने के साथ ही सभी अनुष्ठानों के समापन पर आरती उतारी। प्रदोष मण्डल के पण्डितों ने भवानी जोशी का वैदिक ऋचाओं और मंगल मंत्रों की गूंज से स्वागत किया और स्वस्तिवाचन कर आशीर्वाद दिया।