श्रीगंगानगर, (लक्ष्मीकान्त शर्मा ) जिले के बिजयनगर क्षेत्र में जैतसर के केन्द्रीय राज्य कृषि फार्म में स्थापित खुला बंदी शिविर से गत दिवस एक उम्रकैदी फरार हो गया। इस जानकारी तब लगी जब शाम की गिनती के समय इस बात का पता चलने पर जेल में हडकम्प मच गया। तुरंत पुलिस व जेल के अधिकारियों को सूचना दी गई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बंदी के रिश्तेदारों व सम्भावित ठिकानों पर छापामारी शुरू कर दी है। श्रीबिजयनगर के थाना प्रभारी किशनलाल ने बताया कि पदमपुर क्षेत्र के चक 27-बीबी का निवासी कृष्णलाल (45) पुत्र गिलियाराम नायक खुला बंदी शिविर में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह 25 फरवरी को शिविर में हुई हाजिरी के समय उपस्थित था, लेकिन मंगलवार को वह हाजिरी में नहीं मिला तो कृषि फार्म में उसकी तलाश की गई। लेकिन कृष्णलाल नहीं मिला। जिससे जेल विभाग में हडकम्प मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी जिससे पुलिस हरकत में आ गई। इसके बाद शिविर के हवलदार गौरीलाल की रिपोर्ट पर थाने में कृष्णलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फरार आरोपी कृष्ण नायक की तलाश में तीन टीमें अलग-अलग रवाना की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि चक 27-बीबी में वर्ष 1997 में हुई एक हत्या के मामले में नामजद होने पर कृष्णलाल को पदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वर्ष 2000 में करणपुर के अतिरिक्त जिला सैशन न्यायाधीश ने उम्रकैद की सजा सुनाई। उसने पांच साल जेल में गुजारे इस दौरान उसका व्यवहार सही पाए जाने पर उसे खुला बंदी शिविर में रखने की सिफारिश जेल प्रशासन ने की। कृष्णलाल नायक को वर्ष 2005 में खुला बंदी शिविर में रखा गया था। तब से वह यही था। इसी तरह खुली जेल का फायदा उठाकर वह मंगलवार शाम को फरार हो गया है।