विशेष आवश्यकता वाले बालकों के लिए कम्प्यूटर कौशल प्रशिक्षण शिविर
डूंगरपुर २७ जून/ जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा ने बुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सर्व शिक्षा अभियान द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बालक-बालिकाओं के लिए चल रहे कम्प्यूटर कौशल प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। आज दोपहर यहां पहुंचे केबिनेट मंत्री कटारा ने सर्व शिक्षा अभियान के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक बापूलाल जोशी व डाईट प्रधानाचार्य आभा मेहता से शिविर की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस आवासीय शिविर में विशेष आवश्यकता वाले बालकों को कम्प्यूटर प्रशिक्षकों द्वारा तीन समूहों में कम्प्यूटर संचालन का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कटारा ने यहां चल रही विभिन्न कक्षाओं में प्रशिक्षकों द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षकों द्वारा ईशारों और अन्य संकेतों के माध्यम से दी जा रही कम्प्यूटर संचालन की प्रविधि को जानकर आश्चर्य व्यक्त किया। इस दौरान कटारा ने विशेष आवश्यकता वाले बालकों व प्रशिक्षकों से ईशाारों के माध्यम से संवाद किया और शिविर द्वारा अर्जित उपलब्धियों की पुष्टि की। उन्होंने कम्प्यूटर पर फटाफट अंगुलिया चलाते विकलांग व मूक बधिर विद्यार्थियों की कार्य कुशलता को सराहा और कहा कि इन्हें अधिकाधिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाना चाहिए ताकि इन्हें कम्प्यूटर में एक्सपर्ट बनाया जा सके। इस मके पर सेवानिवृत्त श्रम आयुक्त रूपलाल डामोर, उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक उषा राव, डाईट प्रधानाचार्य आभा मेहता, सर्व शिक्षा अभियान के रमेश जोशी, सुरेश फलोजिया, सुरेन्द्रसिंह बेडसा, तपस संस्थान के पूरणमल शर्मा, चेतना मूक बधिर विद्यालय के शरद गांधी, डाईट के रामलाल पाटीदार आदि मौजूद थे।