जयपुर, २७ जुलाई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.दिगम्बर सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार की ओर से गरीब एवं दूरदराज के मरीजों को उपलब्ध कराई गई सस्ती एवं सुलभ चिकित्सा सेवाओं का परिणाम है कि आज राजस्थान चिकित्सा की दृष्टि से देश के उच्चीकृत स्वास्थ्य सेवाओं वाले ७ राज्यों में शामिल हो गया है इसके प्रथम स्थान तक पहुंचाने के सतत प्रयास जारी है। डॉ. सिंह शुक्रवार को डीग कस्बे में करीब ५० लाख रुपये की लागत से रैफरल चिकित्सालय भवन में जीर्णोद्धार कार्यों के लोकार्पण के पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में चिकित्सकों एवं पैरामेडीकल स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए शीघ्र नई भर्ती की जायेगी और प्रयास यह किया जायेगा कि दूरदराज के लोगों को आसानी से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया हो सके। उन्होंने कहा कि डीग के रैफरल चिकित्सालय के जीर्णोद्धार के अलावा करीब ४५ लाख रुपये चिकित्सकों एवं पैरा मेडीकल स्टाफ के आवास भवनों के लिए आंवटित किये गये हैं जिससे मरीजों को चौबीसों घन्टे सेवाएं प्राप्त हो सकें। डीग क्षेत्र के बहज गांव में आयोजित स्वागत समारोह में चिकित्सा मंत्री ने गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण के लिए ५५ लाख रुपये शीघ्र स्वीकृत करने का विश्वास दिलाया तथा गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए ९८ लाख रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी। बरौलीचौथ गांव में आयोजित समारोह में चिकित्सा मंत्री ने कहा कि भरतपुर सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के भवनों के आधुनीकरण एवं नवीन निर्माण के लिए अधिकतम राशि स्वीकृत की गई है। इसके पश्चात चिकित्सा मंत्री ने कुम्हेर पंचायत समिति के सुपावस, बिलावटी, रीठोटी एवं धनसोटी गांव में जन समस्याएं सुनी और इनके समाधान के लिए संबधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।