राष्ट्रीय खेल दिवस पर अनेक कार्यक्रम
27 Aug
2009
जयपुर। राज्य सरकार ने राज्य के सभी संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये हैं कि वे राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त, 2009 को अपने संभाग के अधीन जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करें। आदेश के तहत राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों में खेलों का विकास एवं वर्तमान युवा राष्ट्र के विकास में खिलाडियों एवं युवाओं की भूमिका, वर्तमान खेलों की स्थिति एवं कॉमनवेल्थ व ऑलम्पिक गेम्स, पर्यावरण एवं ग्लोबल वार्मिंग, एडवेन्चर स्पोर्ट्स एवं अभियान विषयों पर संगोष्ठी, सेमीनार, परिचर्चाएं आयोजित की जाएं। इसी प्रकार हॉकी प्रतियोगिता, खिलाडियों एवं युवाओं के साथ पैदल, साईकिल तथा मोटर साईकिल की रैली निकलवाएं। आदेश के तहत प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं महाविद्यालय सरकारी एवं निजी जो बी.एस.टी.सी. तथा बी. एड. का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं, अध्यापक, उपनिदेशक एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा), सरकारी एवं गैर सरकारी समस्त शिक्षण संस्थान एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थान, नेहरू युवा केन्द्र एवं युवा क्लब, जिले के खेलकूद एसोसिएशन तथा पुलिस विभाग के आर.ए.सी. एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कांस्टेबल, निरीक्षक एवं उप निरीक्षक के सहयोग से जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाये। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग द्वारा 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस घोषित किया गया है।
|