गोकुल धाम में श्रद्धालुओं की उमडी भीड
सूरतगढ, पुराना बाजार स्थित गोकुल धाम में चल रहे संत जुगल महाराज के आध्यात्मिक प्रवचन में श्रद्धालुओं की भीड उमड रही है। इस अवसर पर महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन बडी मुश्किल से मिलता है। इसलिए मनुष्य को भगवान का स्मिरण पवित्रता व निर्मलता से करना चाहिए। नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि नशा नाश का कारण है। नशा करने वालों की समाज में कोई इज्जत नहीं होती। युवा संत ने कहा कि भ्रूण हत्या महा अभिशाप है। भ्रूण हत्या करने वालों को नवरात्रा में पूजा-अर्चना का हक नहीं है क्योंकि वे यह अपराध कर माँ शक्ति के पापी हो जाते हैं। सत्संग कार्यक्रम का समापन कल शनिवार को किया जाएगा। आज पूजा अर्चना के यजमान प्रवीण कुमार सैन थे।
कुम्भकरण व विभिषण ने ब्रह्मा से प्राप्त किया वरदान
सूरतगढ, राष्ट्रीय उत्थान रामलीला प्रबंध समिति द्वारा मंचित रामलीला के दूसरे दिन रावण, कुम्भकरण व विभिषण द्वारा ब्रह्मा की तपस्या कर वरदान प्राप्त करने का दृश्य दिखाया गया। रावण नन्दी संवाद भी सराहनीय रहा। भगवान श्री गणेश की आरती के साथ रामलीला का मंचन शुरू किया गया। अध्यक्ष प्रवीण डी. जैन ने बताया कि रामलीला का मंचन रात्रि 9.3॰ से 12 बजे तक किया जाता है। दूसरे दिन वेद प्रकाश मित्तल, पवन ओझा, राजू चराया, राजू सिंवाल, विनोद भारद्वाज, धनपत सोनी, किशन, सूर्य प्रकाश बोहरा, महेन्द्र मोदी, रामकुमार देरासरी ने विभिन्न पात्रों का अभिनय किया।
बजरंग दल को आतंकवादी बताने की निंदा की
सूरतगढ, बजरंग दल के प्रखण्ड संयोजक इन्द्र कुमार शर्मा ने बजरंग दल को आतंकवादी बताने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल ने देश को जोडने का काम किया है न कि तोडने का।
प्रेम कंवर शेखावत के निधन पर शोक
सूरतगढ, श्री राजपूत करणी सेना की बैठक में महिला नेता प्रेम कंवर शेखावत के सडक हादसे में आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। इस अवसर पर नगेन्द्र सिंह शेखावत, महेन्द्र सिंह भाटी, रणवीर सिंह जादोन, बजरंग सिंह पंवार, नरेन्द्र सिंह भाटी, किशोर सिंह शेखावत, भीमसिंह शेखावत, लालसिंह बीका, राकेश डोगरा, रामकुमार सिंह निरवाण, गोविन्द सिंह शेखावत आदि उपस्थित थे।