लगता है अब स्टार ने अपने आपको बाजार में टिकाने के लिए ज़ी टीवी के नक्शे कदम पर चलना शुरु कर दिया है। ज़ी टीवी ने अंताक्षरी, सा रे गा मा पा और लिटिल चैंप्स जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जब अपनी धाक जमाकर स्टार के सास बहू छाप कार्यक्रमों को चुनौती दी तो स्टार ने भी अंताक्षरी,वॉईस ऑफ इंडिया जैसे कार्यक्रम शुरु कर दिए मजे की बात यह रही कि इन कार्यक्रमों का भार स्टार ने गजेंद्र सिंह को सौंपा जो किसी समय ज़ी टीवी के इन कार्यक्रमों से जुड़े थे। लेकिन गजेंद्र सिंह स्टार में जाने पर वो कमाल नहीं दिखा पाए जिसकी उम्मीद पर स्टार ने गजेंद्र सिंह को ज़ी से अपने खेमें में शामिल किया था। ज़ी के सा रे गा मा पा और अंताक्षरी से स्टार के कार्यक्रम तो पीछे रहे ही स्टार के सास-बहू वाले कार्यक्रम भी इनके आगे नहीं टिक पाए। स्टार प्लस ने इन कार्यक्रमों के निर्णायकों के रुप में ज़ी के अंतात्ररी और सा रे गा मा पा से अपनी पहचान बनाने वाले कुणाल गांजावाला और क्षेया घोषाल को ही निर्णायकों में भी शामिल किया है। इनके साथ जाने माने संगीतकार प्रीतम सिंह भी निर्णायक के रूप में मौजूद रहेंगे।
स्टार वॉईस ऑफ इंडिया के बाद स्टार प्लस अब छोटे उस्ताद के नाम से एक नया कार्यक्रम लेकर आ रहा है। इस कार्यक्रम का प्रसारण शुक्रवार 30 नवंबर, रात 10 बजे से होगा। इसमें 8 से 13 साल की उम्र के बच्चे भागीदारी कर सकेंगे। 24 नंवबर को मुंबई में संपन्न स्टार वॉईस ऑफ इंडिया के भव्य समारोह में इन छोटे उस्तादों की झलक भी दिखाई गई थी। इन बच्चों ने लता मंगेशकर के गीतों की प्रस्तुति कर लताजी को भी रोमांचित कर दिया था।