बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
28 Feb
2008
बच्चों ने जाने पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के टिप्स
‘पुष्प इको केयर क्लब’ के पोस्टर का किया विमोचन
‘पुष्प संस्थान’ की ओर से आज स्कूली बच्चों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील व जागरुक बनाने के लिए तथा जैव विविधता से परिचय करवाने के लिए कुलिश स्मृति वन का भ्रमण करवाया गया। नवज्योति सैकंडरी स्कूल, दादाबाडी, सांगानेर के विद्यार्थियों के इस दल को इको एनवायरमेंटल म्यूजियम, पार्क व मेडिसिन प्लांट दिखाए गए। इको इनवायरमेंटल म्यूजियम को देखकर जहां बच्चे आश्चर्यचकित थे, वहीं पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पौधों ने भी खूब लुभाया। इस मौके पर कुलिश वन भ्रमण पर सभी बच्चों ने भ्रमण के अनुभवों पर आधारित अपनी रिपोर्ट भी तैयार की। सर्वश्रेष्ठ रिपोर्ट प्रतियोगिता के तहत इन्हीं में से एक रिपोर्ट को ‘पुष्प संस्थान’ की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान ही स्कूली बच्चों द्वारा ‘पुष्प इको केयर क्लब’ के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण व पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने का बच्चों ने संकल्प लिया तथा अपने घर के निकट पार्क, सामुदायिक केन्द्र, स्कूल व सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली। साथ ही वृक्षारोपण व पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों ने संकल्प पत्र भी भरे।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष प्रभा देवी ने बताया कि बच्चों में शुरू से ही पर्यावरण संवेदनशीलता व जागरुकता बनाई जाए, तो भविष्य में सुरक्षित पर्यावरण की नींव और मजबूत बनाई जा सकती है। इसके लिए भविष्य में संस्थान हर महीने एक स्कूल के बच्चों को पर्यावरण संरक्षण व पारिस्थिकी संतुलन को बनाए रखने के लिए जानकारी व भ्रमण करवाएगा।
नन्दलाल अहलावत ने बताया कि ‘पुष्प संस्थान’ पर्यावरण संरक्षण व अन्य सामाजिक मुद्दों के लिए सक्रिय संस्थान है। संस्थान की ओर से पर्यावरण संरक्षण व पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
|