हनुमानगढ , २८ अगस्त । साम्प्रदायिक सद्भाव व जन -जन की आस्था के प्रतीक के रूप में प्रसिद्ध उत्तर भारत का प्रसिद्ध गोगामेडी मेला मंगलवार को हनुमानगढ जिले के नोहर उपखण्ड में स्थित गोगाजी के पावन धाम गोगामेडी में प्रारम्भ हुआ। लोकदेवता गोगाजी व गुरू गोरखनाथ के धाम में जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने परम्परागत रीति व विधि विधान से मंत्रोच्चारण के साथ पूजा करवाई । पार्श्व में गोगा पीर व जाहिर वीर के जयकारों उद्घोष लगाते श्रद्धालुओं की रेलमपेल व भक्तिमय माहौल में जिला कलक्टर ने ध्वजारोहण किया। मंगलवार को श्रावण शुक्ल पूर्णिमा के दिन प्रारम्भ यह मेला भाद्रशुक्ल पूर्णिमा तक चलेगा। इस दौरान मेले में ३ से ५ सितम्बर तथा १९ से २१ सितम्बर तक परम्परा के अनुसार विशेष पर्व आयोजित होंगे। मेले का विधिवत शुभारम्भ करने के बाद जिला कलक्टर ने गोगामेडी मन्दिर में दर्शन करके पूजा अर्चना की तथा जिले की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नोहर श्री हुक्मचंद गोदारा, उपखण्ड अधिकारी डाँ. हरसहाय मीणा नोहर के विधायक श्री बहादुरसिंह गोदारा, पंचायत समिति नोहर की प्रधान श्रीमती उर्मिला बिजारणियां, भादरा पंचायत समिति के प्रधान श्री धर्मपाल नोहर नगरपालिका की अध्यक्ष श्रीमती शशिकला शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशीला चौधरी, देव स्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री एस. राजपुरोहित, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. ताराचंद मेहरडा, विकास अधिकारी श्री सुल्तानराम तथा जिला परिषद सदस्य श्री अमरसिंह पूनिया सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण व सैंकडों श्रद्धालु उपस्थित थे। जिला कलक्टर ने बाद में मेला स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश प्रदान किये । उन्होंने पशुमेला क्षेत्र में पशुओं व पशुपालकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। वहां पर पशुपालकों द्वारा अवैध शराब ठेका संचालित किए जाने की शिकायत किए जाने पर जिला कलक्टर ने तत्काल ठेके को हटवाने के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला कलक्टर से मिलकर कई लोगों ने मेले के दौरान गोगामेडी से गुजरने वाले वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करने की माँग की, इस पर जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन से इस प्रकार का कोई टैक्स नही लिया जाएगा। उन्होने बताया कि केवल मात्र मेला क्षेत्र में पार्क किए जाने वाले वाहनों से पारकिंग शुल्क लिया जाएगा, मेला क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों से ऐसा कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिला कलक्टर ने बाद में गोरखटीला में गुरू गोरक्षनाथ के धूणे में भी दर्शन किये और वहां महन्त रूपनाथ एवं अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मेले की व्यवस्थाओं तथा अन्य कार्यो की समीक्षा की । प्रदेश के प्रमुख पशु मेलों में से एक इस मेले में पहले दिन से ही काफी संख्या में ऊॅंटों की आवक आरम्भ हो गई है। पशु मेला प्रभारी व पशुपालन विभाग के उपनिदेशक श्री ताराचंद मेहरडा ने बताया कि पहले दिन करीब दो हजार ऊॅंट मेले में पहचे है। उन्होंने बताया कि पशुओं के क्षेत्र में इस बार पानी की अतिरिक्त सुविधा के लिए दो नए जीएलआर स्थपित किए गए हैं। गोगाजी के धाम व गोरखटीला पर श्रद्धालुओं की भीड उमड रही है तथा दूर -दूर से भक्त जन पैदल व वाहनों द्वारा हाथों में ध्वज लिए व जयकारें लगाते हुए अपने आराध्य देव के दर्शनों के लिए पहुंच रहे है। मेला स्थल पर सजती हुई दुकानों, श्रद्धालुओं की सेवा सुश्रूषा के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं की भागीदारी तथा अगाध श्रद्धा व भक्ति में लीन तीर्थ यात्रियों के जय घोष के बीच मेला आगामी दिनों में परवान चढेगा। मेले में कृष्ण पक्ष का विशेष पर्व ३ से ५ सितम्बर तथा शुक्ल पक्ष का विशेष पर्व १९ से २१ सितम्बर तक चलेगा। मंगलवार को मेले के शुभारम्भ के पश्चात मेला मजिस्ट्रेट डॉ. हरसहाय मीणा, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री एस. राजपुरोहित एवं प्रबुद्ध जनों की मौजूदगी में गोगामेडी मन्दिर के गुल्लक पर देवस्थान विभाग का ताला लगा कर उसे सील किया गया है।