महिला आईटीआई अजमेर को सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा दिलाने के प्रयास होंगे
28 Nov
2007
शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अजमेर को सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा दिलाने के प्रयास किये जायेंगे
जयपुर, २८ नवम्बर। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अजमेर को ’’सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस‘‘ का दर्जा दिलाने के प्रयास किये जायेंगे। इससे महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के प्रयासों एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन के लिए संस्थान को पर्याप्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे ।
प्रो. देवनानी बुधवार को अजमेर में महिला आईटीआई में आयोजित दो माह के कटिंग एवं टेलरिंग व्यवसाय की दक्षता पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने छात्रओं से तकनीकी प्रशिक्षण लेकर स्वयं स्वावलंबी बनने एवं अन्य महिलाओं को भी इससे जोडकर रोजगार योग्य बनाने के लिए कहा। शिक्षा राज्य मंत्री ने समारोह में २३ महिला प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की और वाटर कूलर का लोकार्पण भी किया ।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगर परिषद के सभापति श्री धर्मेन्द्र गहलोत ने महिलाओं के लिये इस प्रशिक्षण के आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने तकनीकी शिक्षा के उन्नयन के लिए विगत चार वर्षों में आवश्यकतानुरूप संसाधन उपलब्ध कराये हैं ।
इससे पहले प्रशिक्षण के संयोजक श्री प्रमोद कुमार कांकाणी ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विशिष्ट अतिथि पार्षद श्री सोहन सिंह रावत थे ।
इस अवसर पर उप निदेशक तकनीकी प्रशिक्षण श्री एन.के.गुप्ता एवं महिला आईटीआई के अधीक्षक श्री एस.बी.माथुर सहित बडी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे ।
|