जोधपुर, 28 नवम्बर। माणक अलंकरण 2008 एवं विशिष्ट पुरस्कार (त्रय) के लिए खोजपूर्ण, रचनात्मक एवं गवेषणात्मक समाचारों तथा विशेष रिपोर्ताज के माध्यम से उत्कृष्ट पत्रकारिता करते हुए राजस्थान की सेवा करने वाले पत्रकारों, जनसंफ कर्मियों, छायाकार/कार्टूनिस्टों की प्रविष्टियां आमंत्रित की गई है। प्रविष्टियां 9 दिसंबर 2008 तक समिति के जोधपुर कार्यालय में पहुंचनी आवश्यक है। माणक अलंकरण 2008 से सम्मानित किए जाने वाले पत्रकार एवं विशिष्ट पुरस्कार के लिए चयनित प्रतिभाओं की घोषणा स्व. माणक मेहता की 34 वीं पुण्यतिथि 12 दिसंबर 2008 को आयोजित गोष्ठी में चयन समिति के निर्णयानुसार की जाएगी। माणक अलंकरण 2008 पुरस्कार के लिए दिसम्बर 2007 से नवंबर 2008 तक की अवधि में प्रकाशित समाचार, रिपोर्ताज आदि का उल्लेख संबंधित समाचार पत्र-पत्रिका की कटिंग्स या फोटो स्टेट प्रति सहित प्रेषित किया जाना है। इसी प्रकार जनसम्फकर्मियों एवं छायाकारों/कार्टूनिस्टों की प्रविष्टियां भी आमंत्रित है।
खोजपूर्ण एवं उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए राजस्थान के पत्रकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दैनिक जलतेदीप के संस्थापक स्व. माणक मेहता की स्मृति में प्रतिवर्ष एक मेधावी पत्रकार को ‘माणक अलंकरण’ से सम्मानित किया जाता है। चयनित पत्रकार के नाम की घोषणा प्रति वर्ष 12 दिसम्बर को की जाती है। अलंकरण अगले वर्ष 2 अक्टूबर को दैनिक जलतेदीप के स्थापना दिवस अथवा उसकी पूर्व संध्या पर आयोजित लोक समारोह में प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित पत्रकारों को वर्तमान में 11 हजार रूपये नकद, श्रीफल, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। वर्ष 1981 में स्थापित इस पुरस्कार से अब तक प्रदेश के 26 पत्रकार सम्मानित हो चुके हैं। इसी कडी में वर्ष 1996 में सरकारी सेवाओं के जनसम्पकर्मीयों की पत्रकारधर्मिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से विशिष्ट पुरस्कार - जनसम्पकर्मी स्थापित किया गया था। वर्ष 2002 से छायाकार/कार्टूनिस्ट हेतु भी एक विशिष्ट पुरस्कार (छायाकार) शुरू किया हुआ है। विशिष्ट पुरस्कार के अंतर्गत वर्तमान में 3100 रु. पुरस्कार राशि, श्रीफल, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।