श्रीगंगानगर में सेना भर्ती रैली १ फरवरी से
28 Dec
2007 सेना भर्ती कार्यालय, झुंझूनू द्वारा श्रीगंगानगर में १ से ४ फरवरी तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।
हनुमानगढ २८ दिसम्बर । सेना भर्ती कार्यालय, झुंझूनू द्वारा श्रीगंगानगर में १ से ४ फरवरी तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय, झुंझूनू द्वारा प्रेषित जानकारी के अनुसार यह भर्ती रैली में राज्य के सभी जिलों के सिख अभ्यर्थियों के लिए सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक लिपिक व सैनिक तकनीकी श्रेणियों, सभी जिलों के सैनिक तकनीकी श्रेणियों के पदों तथा श्रीगंगानगर जिले के सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक लिपिक व सैनिक तकनीकी श्रेणिया पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है।
इस रैली में १ फरवरी को आयोजित की जाने वाली दौड में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ, घडसाना व करणपुरा, २ फरवरी को सुरतगढ, विजयनगर, पदमपुरा, सादुलशहर व रायसिंहनगर, ३ फरवरी को श्रीगंगानगर सहित राजस्थान के सभी जिलों के सिख अभ्यर्थियों सैनिक, सैनिक लिपिक एसकेटी पदों , ४ फरवरी को श्रीगंगानगर सहित राज्य के सभी जिलों के अभ्यर्थियों सैनिक तकनिकी पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनू से प्राप्त जानकारी के अनुसार दौड के समय अभ्यर्थी के पास मूल निवास प्रमाण पत्र की चार प्रतियां एवं पासपोर्ट आकार की आठ फोटो होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की सभी फोटो एक जैसी होना अनिवार्य है तथा उसमें अभ्यर्थी के दोनों कान फोटो में दिखाई देना आवश्यक है। कम्प्यूटर से खींचे गए फोटो मान्य नही होंगे।
इस सेना भर्ती रैली में सैनिक सामान्य के पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम ४५ प्रतिशत अंकों के साथ दसवी कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक विषय में ३२ प्रतिशत अंकों का होना भी आवश्यक है। शारीरिक मापदण्डों में उंचाई १७० सेंटीमीटर, वजन ५० किलोग्राम, सीना ७७/८२ सेंटी मीटर तथा दौड के दिन उम्र १७ साल ०६ माह से २१ साल की होनी चाहिए। यदि अभ्यर्थी उच्चतर शिक्षा प्राप्त है तो दसवीं कक्षा में ४५ प्रतिशत अंकों का होना आवश्यक नही है।
इसी प्रकार सैनिक क्लर्क के पद के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम ५० प्रतिशत अंकों के साथ बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक विषय में ४० प्रतिशत अंकों का होना भी आवश्यक है। जिस में अंग्रेजी, गणित, बुक कीपिंग व एकाउंटेंसी विषय अनिवार्य है। शारीरिक मापदण्डों में उंचाई १६२ सेंटीमीटर, वजन ५० किलोग्राम, सीना ७७/८२ सेंटी मीटर, तथा दौड के दिन उम्र १७ साल ०६ माह से २३ साल की होनी चाहिए। यदि अभ्यर्थी बीए पास है तो बारहवीं कक्षा में ५० प्रतिशत अंकों का होना आवश्यक नही है।
इसके अलावा सैनिक तकनीकि के पद के लिए उम्मीदवार का बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। जिसमें अंग्रेजी, गणित,भौतिक व रसायन विषय अनिवार्य है। शारीरिक मापदण्डों में उंचाई १७० सेंटीमीटर, वजन ५० किलोग्राम, सीना ७७/८२ सेंटी मीटर, तथा दौड के दिन उम्र १७ साल ०६ माह से २३ साल की होनी चाहिए। इस भर्ती रैली में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों के पास मूल निवास प्रमाण पत्र(चार प्रतियां), जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (६ माह से पुराना न हो) तथा अंक तालिका व प्रमाण पत्र(बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण पत्र नही होने पर बोर्ड द्वारा जारी अस्थाई प्रमाण पत्र जरूरी है) होना आवश्यक है। १७ साल ०६ माह से १८ साल की उम्र के बीच के अभ्यर्थियों को सहमति पत्र देना आवश्यक है। यदि इस भर्ती रैली में भाग लेने वाले अभ्यार्थियों का सेवारत ,भूतपूर्व व शहीद सैनिकों से सम्बन्ध है तो उनको अभिलेख कार्यालय द्वारा जारी किया हुआ रिलेशनसिप सर्टीफिकेट प्रस्तुत करना होगा । जिसमें पार्ट टू आर्डर व रिकॉर्ड ऑफिसर के हस्ताक्षर व कार्यालय की मोहर अंकित होना अनिवार्य है।