पेयजल समस्याओं की शिकायत के लिए 4 नियंत्रण कक्ष
28 Dec
2008

जयपुर, शहर के स्वच्छ पेयजल उपलब्ध एवं प्रदूषण संभावित पाइप लाइन बदलने के कार्य प्रगति पर है। शहरी क्षेत्रों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए जिला कलक्ट्रेट में एक एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में तीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किये गये हैं।
जिला कलक्टर प्रवीण गुप्ता ने बताया कि नियंत्रण कक्ष में दर्ज पेयजल उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये गये हैं। गुप्ता ने बताया कि जिला कलक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 2204475 पर 24 घंटे पेयजल समस्या के बारे में शिकायत दर्ज करायी जा सकती है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उत्तरी क्षेत्र के लिए अजमेरी गेट स्थित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 2561423 पर, दक्षिण क्षेत्र के लिए गांधीनगर स्थित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 2706624 पर एवं चार दीवारी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए मेहन्दी का चौक स्थित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 2574153 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
अधीक्षण अभियंता शहर आरपी माथुर ने बताया कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शहर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने एवं प्रदूषण सम्भावित पाइप लाइन बदलने के कार्य किये जा रहे है। स्वीकृत योजनाओं के अन्तर्गत 177 किलोमीटर पाइप लाइन बदली जानी हैं एवं अब तक 122 किलोमीटर पाइप लाइन बदलकर चालू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि लगभग 11000 उपभोक्ताओं के जल सम्बन्ध भी इन लाइनों पर स्थानान्तरित किये जा चुके है। इसके अतिरिक्त चार दीवारी एवं अन्य बाहरी कॉलोनियां हसनपुरा, आदर्श नगर, शास्त्रीनगर, मालवीय नगर, जवाहर नगर इत्यादि में प्रदूषण संभावित 68 किलोमीटर लम्बी पाइप लाइन बदलने हेतु 23.13 करोड की योजना मंजूर की गई है। कार्य योजना के अनुसार 34 किलोमीटर पाइप लाइन मार्च, 2009 तक तथा शेष लाइनें सितम्बर 2009 तक बदली जायेगी।
माथुर ने बताया कि बीसलपुर योजना का पानी आने तक शहर में जल सेवा स्तर बनाए रखने के लिए 100 नलकूप स्वीकृत कराए गये हैं जिनमें से 45 नलकूपों का कार्य किया जा चुका है तथा शेष कार्य जनवरी 2009 तक पूरा कर लिया जायेगा।
|