|
डूंगरपुर २९ अप्रेल/ भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री नीरज कुमार पवन ने रविवार को डूंगरपुर जिला कलक्टर का पदभार संभाला।
नव पदस्थापित नीरज कुमार ने आज अपराह्न ठीक ३.५५ पर स्थानीय जिला कलेक्टर कार्यालय में निवर्तमान कलक्टर मंजू राजपाल से कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रशासक, जिला कोषागार तथा मत्स्य पालन विकास अभिकरण के कार्यकारी निदेशक का कार्यभार भी ग्रहण किया।
पवन ने राजपाल से अपने संवाद में जिले की प्रशासनिक स्थितियों, वैकासिक गतिविधियों, ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के संचालन समेत कई विषयों पर लंबी चर्चा कर आवश्यक जानकारियां प्राप्त की। राजपाल ने पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी और कहा कि विकास की दौड में संलग्न इस जिले में कार्य करने की अपार संभावनाएं है।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर एस एल पालीवाल, उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड, कोषाधिकारी ठाकुरदास माखिजा, केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबन्ध निदेशक लोकेश गांधी, जिला मत्स्य अधिकारी भगवतीलाल पारीख, कलक्टर के निजी सहायक हेमेन्द्र चौबीसा व हरिशचद्रं पहाड मौजूद थे।
इससे पूर्व आज दोपहर में जिला सीमा मोतली मोड पर उपखण्ड अधिकारी गजेन्द्रसिंह राठौड व नायब तहसीलदार बद्रीलाल सुथार ने अगवानी की। पश्चात सर्किट हाउस पहुंचने पर कलक्टर को पुलिसकर्मियों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। कलक्टर पवन ने सलामी ली। यहां पर अतिरिक्त कलक्टर पालीवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनलाल शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमसिंह चौहान, ईजीएस कार्यक्रम अधिकारी आनन्द नारायण बैराठी व महेश शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान जुगतावत, जिला रसद अधिकारी गोपाल मोहन माथुर, विकास अधिकारी मृगेन्द्र शर्मा, पशुपालन उपनिदेशक डॉ. हेमन्त शर्मा, एवीएनएल अधिशासी अभियंता बीएल जैन, कृषि उपनिदेशक डॉ. रवीन्द्र वर्मा समेत कई जिलाधिकारियों ने कलक्टर को पुष्पहार पहना कर स्वागत किया। कलक्टर कुमार ने जिलाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कामकाज की जानकारी ली । उन्होंने जिले में कृषि, पशुपालन, डेयरी, संपूर्ण स्वच्छता अभियान व गैर सरकारी संस्थाओं के कामकाज के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
|
श्री नीरज कुमार एक परिचय
नव पदस्थापित जिला कलक्टर नीरज कुमार पवन भारतीय प्रशासनिक सेवा के २००३ बैच के अधिकारी है। इससे पूर्व वे भरतपुर में उपखण्ड अधिकारी पद पर कार्यरत थे। पवन ने पाली में सहायक कलक्टर और निम्बाहेडा में उपखण्ड अधिकारी पद पर भी सेवाएं दी है। पवन के पास भरतपुर में उपखण्ड अधिकारी के पदभार के अलावा नगरपालिका के आयुक्त और युआईटी के सचिव का भी कार्यभार था। |