पर्यावरण संरक्षण हेतु एक दिन का वेतन जमा कराने की अपील
29 Jun
2007
जुलाई माह में ही सभी कार्मिक जमा करायेंगे एक दिन का वेतन
डूंगरपुर २९ जून/ जिला कलेक्टर नीरज के पवन ने विश्व पर्यावरण दिवस के संदर्भ में जिले में कार्यरत समस्त कार्मिकों को एक दिन का वेतन पर्यावरण संरक्षण हेतु जमा कराने की अपील जारी करते हुए उचित व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों एवं आहरण वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीन समस्त कार्मिक से एक दिन की वेतन राशि वसूल कर मय सूची उप वन संरक्षक के कार्यालय में माह जुलाई में जमा कराते हुए कार्यालय को अवगत करावें। उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित समारोह में उप वन संरक्षक ओ सी चंदेल द्वारा जिला कलेक्टर को जिले के पर्यावरण परिदृश्य पर दी गई जानकारी एवं जिले में पर्यावरण संरक्षण के विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता बताई गई थी। उन्होंने बताया था कि जिले में स्थित जलाशयों आदि का समुचित विकास किये जाने पर हम प्रवासी पक्षियों व जलीय जीवों को उनके लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध करा सकेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक विजेन्द्र झाला द्वारा इस संबंध में पहल करते हुए पुलिस विभागीय कार्मिकों के एक दिन के वेतन जमा कराने की घोषणा पर जिला कलेक्टर पवन ने जिले के समस्त कार्मिकों का वेतन जिले में पर्यावरण संरक्षण हेतु किये जाने वाले प्रभावी उपायों हेतु समर्पित किये जाने की घोषणा की थी। जिला कलेक्टर ने जिले के समस्त स्वयंसेवी संगठनों से भी अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहयोग करते हुए अधिकाधिक सहयोग राशि जमा कर योगदान करें। उन्होंने उपवन संरक्षक को निर्देशित किया है कि वे इस संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं करें और इस हेतु पृथक बैंक खाता खोलकर राशि जमा कराने की व्यवस्था करें।
|