बीकानेर। अल्पसंख्यक छात्रवृति योजना के तहत 15 हजार छात्रों को छात्रवृति राशि स्वीकृत कर दी है। यह राशि सीधे योजना से लाभान्वित छात्रों के खातों में जमा करवा दी जाएगी, इससे पहले शिक्षा विभाग ने छात्रों के नाम से बैंक में छात्रवृति मिलने वाले छात्रों के खाते खुलवाए हैं। केन्द्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजना के द्वारा दी जाने वाली छात्रवृति वितीय वर्ष 2008-09 की स्वीकृत की गई है। नियमों के मुताबिक यह छात्रवृति पिछले वर्ष में ही स्वीकृत होनी थी लेकिन विलम्ब होने के कारण यह छात्रवृति राशि नहीं दी जा सकी। इस योजना में केन्द्र व राज्य का बराबर का हिस्सा स्वीकृत होता है। वितीय वर्ष 2008-09 के दौरान केन्द्र सरकार ने तो अपने हिस्से की राशि स्वीकृत कर दी थी परंतु राज्य सरकार ने इस राशि में विलम्ब कर दिया। यह छात्रवृति की राशि १५ हजार छात्रों के लिए स्वीकृत की गई है। इस राशि के तहत छात्रों को महीने में 83.33 रूपये दिए जाएंगे। इस संबंध में अवर उप जिला शिक्षा अधिकारी प्रा.शि. ने बताया कि बीकानेर जिले के लिए भी छात्रवृति की राशि की गई है जिसके लिए छात्रों के खातों में सीधे ही चैक द्वारा जमा करवा दी जाएगी।