बाडमेर प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने शनिवार को राजस्थान के बाडमेर जिले के रामसर गाँव में स्वर्ण जयन्ती ग्राम स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों की ओर से आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी में लगी बाडमेर की कसीदाकारी, आरी-तारी, पेचवर्क एवं एप्लिक कार्य को रुचि से देखा तथा हस्तशिल्प कलाकारों के कार्य की सराहना की। सिंह को प्रदर्शनी स्थल पर सोसायटी टू अपलिफट रूरल इकोनोमी (श्योर) की स्टाल पर पद्मश्री मगराज जैन एवं सुश्री लता कच्छावा ने हाथ से की जाने वाली कसीदाकारी की बारीकियों से अवगत कराया। विश्वकर्मा निर्माण आपूर्ति एवं विपणन संस्थान के माधोसिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री को आरी तारी से बनी डॉ. सिंह की तस्वीर भेंट की। सिंह को राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रदर्शनी स्थल पर ऊट गाडा निर्माण कार्य का अवलोकन कराया। गहलोत ने कामदार संस्था की ओर से लगाये गये स्टाल पर बाडमेर की काष्ठ कला की बारीकियों से अवगत कराया। इस स्टाल पर शम्भू मॉकड हस्तशिल्पी ने सिंह को नेम प्लेट भेंट की। सिंह ने पणिहारी प्रिन्टर्स बाडमेर की स्टाल पर ब्लाक प्रिन्टिंग कार्य को देखा। इस स्टाल पर कन्हैयालाल ने सिंह को ब्लाक प्रिन्टिंग की बैडशीट भेंट की। सिंह ने बीजासर चोहटन के हस्तशिल्पी शेखाराम मेघवाल द्वारा हाथ कढाई से बनाये गये कांचला, कुशनकवर एवं वाल हेगिंग के कार्य को देखा एवं बारीक कार्य की सराहना की। सिंह ने मोकलसर के नाथूराम जीनगर की स्टाल पर चोंचवाली, जरीदार, पंजाबी, दुल्हा-दुल्हन, जनाना एवं बिच्छू मोजडी का अवलोकन किया। रामसर हस्तशिल्प प्रदर्शनी स्थल पर मॉगणियार गायक गाजी खां, समन्दर खान, फकीरा खान एवं श्रीमती रूकमादेवी ने प्रधानमंत्री का ‘‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश गायन से स्वागत किया तथा धमाधम मस्त कलन्दर गायन सुनाकर प्रधानमंत्री को अभिभूत कर दिया। रामसर में प्रधानमंत्री ने उपस्थित जन समुदाय का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
रामसर में स्वागतः प्रधानमंत्री सिंह भारतीय वायु सेना के विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10.15 बजे रामसर के हेलीपेड पर पहुंचें। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवडा, केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री डॉ. सी.पी.जोशी, केन्द्रीय दूर संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास उनके साथ थे। रामसर हेलीपेड पर राजस्व मंत्री हेमाराम चौधरी तथा बाडमेर के प्रभारी सचिव मधुकर गुप्ता ने प्रधानमंत्री का भावभरा स्वागत किया।