बाडमेर, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने शनिवार को राजस्थान के बाडमेर जिले के रामसर गांव में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना के तहत नाडी खुदाई कार्य का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने यहां 42 फीट गहरी कुई एवं सोनिया चैनल का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने यहां हरित राजस्थान कार्यक्रम के तहत नीम का पौधा लगाया। सिंह ने रामसर नाडी खुदाई कार्य पर कार्यरत महिलाओं से बातचीत की। श्रमिक महिलाओं ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरपंच कम से कम आठवीं पास हो। राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रधानमंत्री को बताया कि रामसर नाडी खुदाई कार्य पर 187 श्रमिक कार्यरत हैं। रामसर नाडी में 150 कुइयाँ हैं। उन्होंने बताया कि सोनिया चैनल से बरसात का पानी रामसर नाडी में एकत्रित होगा, जिससे इन कुइयों के जल स्तर में वृद्घि होगी और यहां क जनता को लाभ होगा। गहलोत ने सिंह को अवगत कराया कि राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम के तहत राज्य में पिछले चार माह में 2 हजार 877 करोड रुपए खर्च हुए हैं जो कि देश में किसी भी राज्य से अधिक हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार माह में राज्य में 49 लाख 56 हजार परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, इसमें से 2 लाख 47 हजार परिवारों ने 100 दिन का रोजगार पूरा कर लिया है। यहाँ औसतन प्रति परिवार 53 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य में कुल श्रमिकों मे से 71 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें से 23 प्रतिशत अनुसूचित जाति एवं 31 प्रतिशत अनुसूचित जन जाति की हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय रोजगार गारन्टी योजना के तहत श्रमिकों को 100 दिन की बजाय 200 दिन का रोजगार देने तथा श्रम की राशि नरेगा से एवं सामग्री की राशि व्यक्तिगत स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रावधान करने का आग्रह किया जिससे ग्रामीण निर्धन परिवारों को लाभ मिल सके। रामसर के सरपंच मोतीलाल जैन ने सिंह से नरेगा योजना से निजी आवास एवं निजी टांके बनवाने का प्रावधान करने का आग्रह किया। सिंह को राष्ट्रीय ग्रामीण योजना कार्यक्रम के आयुक्त राजेन्द्र भानावत ने बताया कि बाडमेर जिले में वर्षा जल संरक्षण के लिए 29 हजार कृषि कुण्डों का निर्माण कराया गया है जो कि देश के किसी भी जिले से सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस वर्ष नरेगा योजना के तहत 9 हजार 525 करोड रुपए व्यय किये जाने प्रस्तावित है, यह राशि भी देश के अन्य राज्यों से सर्वाधिक है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री डॉ. सी.पी. जोशी, केन्द्रीय दूर संचार राज्य मंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास, राज्य के ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, वक्फ राज्यमंत्री अमीन खां, बाडमेर-जैसलमेर सांसद हरीश चौधरी, मुख्य सचिव श्रीमती कुशलसिंह, पुलिस महानिदेशक हरीश मीणा, प्रमुख शासन सचिव शिक्षा ललित के. पंवार, प्रमुख शासन सचिव मुख्यमंत्री श्रीमत पाण्डेय, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के शासन सचिव तन्मय कुमार एवं बाडमेर जिला कलेक्टर रवि जैन भी उपस्थित थे।