बीकानेर। नजदीकी गांव रायसर से थोडा पहले मरूधर इंजीनियरिंग कॉलेज के ठीक सामने आज सुबह हुए भीषण हादसे के दौरान एक बेकाबू ट्रक ने तीन ऊंटगाडों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें सवार एक महिला की मौत हो गई तथा सात जने घायल हो गये, जिन्हें पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में दो ऊंटों की भी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। तीन ऊंटगाडों में सवार सभी जने श्रीपूनरासर धाम से वापिस बीकानेर लौट रहे थे। घायलों में ज्यादातर महिलाएं है। जो एक ही घर परिवार की बताई जाती है। जानकारी के अनुसार यह सडक हादसा आज सुबह करीब पौने छः बजे हुआ, इस दौरान श्रीपूनरासर धाम से वापिस आ रहे ऊंटगाडों के काफिले को पीछे की तरफ से आ रहे ट्रक ने बेकाबू होकर अपनी चपेट में ले लिया, जिसकी चपेट में आने से तीन ऊंटगाडे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये और एक गाडे पर सवार श्रीमती रेखा पत्नी कमल किशोर सुथार निवासी चौधरी कॉलोनी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा श्रीमती पुष्पा पत्नी भंवर लाल सुथार, गुड्डी पत्नी नेमीचंद सुथार, श्रीमती सम्पत पत्नी सुखदेव सुथार, रजनी पत्नी हरिकिसन सुथार, संतोष पत्नी रतनलाल सुथार तथा सुभाष पुत्र पालीराम विश्नोई घायल हो गया, जिन्हें पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में शामिल दो महिलाओं की हालत थोडी चिंताजनक बताई है। पुलिस के अनुसार मृतका रेखा समेत हादसे में घायल हुए महिलाएं एक ही घर परिवार की है, जो अपने परिवार के लोगों के साथ विगत 26 अगस्त को संघ के रूप में श्रीपूनरासर धाम के लिए रवाना होकर आज वापिस लौट रहे थे। घायल में सुभाष विश्नोई नामक युवक ऊंटगाडा चालक है। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने इस हादसे के संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतका श्रीमती रेखा के शव का पोस्टमार्टम कर उसके परिवार जनों को सौंप दिया है। उधर एक ओर हादसे में सुजानगढ थाना इलाके के गोपालपुरा मेघा हाइवे पर आज हुए भीषण सडक हादसे के दौरान एक ट्रक ने बोलेरो जीप को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बोलेरो चालक समेत छः जनों की दर्दनाक मौत हो गयी। इस हादसे में शिकार हुए सभी जने एक ही घर परिवार के बताये जाते है, जो यहां कोलायत तहसील के गांव कोटडी के रहने वाले बताये जो है। देर अपरान्ह खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पायी थी। जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार कोटडी गांव निवासी स्वामी परिवार के लोग श्रीसालासर धाम में दर्शन करने के बाद श्रीडूंगरगढ बालाजी के दर्शनार्थ जा रहे थे। मृतकों में दो महिलाएं व चार पुरुष है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन जनों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में चार मासूम बच्चे भी घायल हुए है। जिन्हें सुजानगढ के उप चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान ट्रक की टक्कर से बोलेरो गाडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।