बीकानेर, खाजूवाला विधायक डॉ.विश्वनाथ मेघवाल के नेतृत्व में खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ व बीकानेर क्षेत्र के किसानों का प्रतिनिधि मंडल संभागीय आयुक्त से मिला और अपनी मांगों का ज्ञापन उन्हें सौंपा। डॉ.विश्वनाथ ने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन द्वारा अवगत करवाया कि खरीफ की फसलें पानी नहीं मिलने के कारण नष्ट हो चुकी है, जिस कारण भयंकर अकाल की स्थिति पैदा हो गयी है। अतः किसानों को रबी की बिजाई के लिए इंदिरा गांधी नहर के चार में से दो ग्रुप का रेग्युलेशन बनाकर पानी चलाया जावें जिससे अकाल की स्थिति को कम किया जा सके।
भीषण अकाल की स्थिति को देखते हुए इंदिरा गांधी नहर की आरडी 507 एवं 750 पर बने हुए एस्कैप एरिया में किसानों को पशुओं के लिए चारा उत्पादन हेतु अस्थायी एक फसली पट्टे जारी किये जावें तथा डीजल एवं ट्यूबवैल पर अनुदान दिया जावे, पशु शिविर भी उसी स्थान पर खोले जावें, जिससे किसान अपने पशुधन को बचा सके। सिंचाई पानी नहीं मिलने एवं वर्षा नहीं होने के कारण अकाल की स्थिति बनी हुई है। अतः पशुओं के लिए चारा डिपो तथा पशु शिविर खोले जावे एवं अकाल राहत कार्य शीघ्र शुरू किया जावें, जिससे अकाल के प्रभाव को कम किया जा सके। डॉ.विश्वनाथ और किसानों ने उम्मीद जताई है कि संभागीय आयुक्त को शीघ्र उनकी मांगों को मानकर उन्हें राहत दिलवाये जाने के लिए सकारात्मक कार्रवाई करेंगे।