पांच हजार आबादी के छह सौ गांवों में भी खेल मैदान
29 Oct
2007 राज्य सरकार ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से गांवों में खेल सुविधाओं के विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू किया है।
जयपुर, २९ अक्टूबर। राज्य सरकार ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से गांवों में खेल सुविधाओं के विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू किया है। योजना के तहत गांवों में खेल मैदानों का निर्माण और खेल संयोजकों की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी देते हुए खेल मंत्री श्री युनूस खान ने बताया कि राज्य में सात हजार आबादी वाले ३३८ गांवों में खेल मैदान बनाने एवं खेल संयोजक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। अब तक २२० खेल मैदानों के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है। अब ५ हजार की आबादी वाले ५९६ गांवों को भी इस सुविधा से जोडा जा रहा है। उन्होंने बताया कि खेल मैदानों के विकास पर १८० करोड रुपये व्यय किये जायेंगे।
खेल मंत्री रविवार को भीलवाडा के चित्रकूट धाम में जिला वालीबॉल संघ की ओर से आयोजित सौलहवीं नेशनल जूनियर वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि क्रीडा परिषद के खेल नियमों में परिवर्तन कर अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडयों को दी जाने वाली राशि को ५० हजार से बढाकर १५ लाख रुपए किया है। मुख्ख्यमंत्री ने खेल बजट युवाओं को समर्पित किया है और अपने संभाग स्तर जिला स्तर उपखण्ड तहसील स्तर के लिए अलग खेल नीति बनाई है। इसके तहत खेल मैदानों के लिए जमीन आरक्षित की जाएगी तथा अब विधायक कोष से भी खेल सामग्री के लिए राशि आवंटित की जाएगी।
खेल मंत्री ने नेशनल वालीबॉल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में विजेता टीम को एक लाख एक हजार रुपए की राशि व बालक वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ३१ हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की। राजस्थान वालीबॉल संघ के मानद सचिव रामावतार सिंह जाखड ने भी राजस्थान की विजेता टीम को १ लाख रुपए व बालक वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को २५ हजार रुपए देने की घोषणा की।
समारोह में नगर विकास न्यास अध्यक्ष श्री एल.एन.डाड ने राष्ट्र स्तर की खेल प्रतिभाओं को न्यास द्वारा आरक्षित दर पर भूखण्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की तथा खेलकूद प्रतिभाओं के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समारोह में आसीन्द क्षेत्र के विधायक श्री हंगामीलाल मेवाडा, रायपुर के विधायक श्री कैलाश त्रिवेदी, नगर परिषद सभापति श्री ओम नराणीवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कारोई के पण्डिल श्री नाथूलाल व्यास, डॉ. कमलकान्त शर्मा एवं जिला परिवहन अधिकारी को भी सम्मानित किया गया।