बूंदी उत्सव - मनमोहक रही नृत्यांगना उमा शर्मा की प्रस्तुति
29 Nov
2007
बून्दी उत्सव पर बुधवार को चौरासी खम्बों की छतरी पर चन्द्रमा की साक्षी में विश्व विख्यात कत्थक नृत्यांगना उमा शर्मा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।
जयपुर, २९ नवम्बर। बून्दी उत्सव पर बुधवार को चौरासी खम्बों की छतरी पर चन्द्रमा की साक्षी में विश्व विख्यात कत्थक नृत्यांगना उमा शर्मा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। पद्म विभूषण उमा शर्मा की अधरम मधुरम वचनम मधुरम की प्रस्तुति ने उत्सव के रंग में चार चांद लगा दिये।
महाभारत के प्रसंगों को महारास नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से कत्थक विद्या में कृष्ण के प्रति गोपियों के विरह स्नेह, भक्ति एवं श्रृंगारिक नृत्यों ने श्रोताओं को एक टक निहारने के लिए मजबूर कर दिया। सधे हुए कदम, नेत्र भंगिमाएं एंव भाव भंगिमाओं के साथ - साथ सुरों के अनुरूप पैरों की थिरकन ने शाम को यादगार बना दिया। उमा शर्मा के शिष्य तजाकिस्तान की मदिना व सनम तथा गयाना के दीनानाथ की प्रस्तुतियों ने ब्रज की याद ताजा कर दी। कालिया नाग मर्दन की प्रस्तुति ने यमुना नदी का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। एक दर्जन से अधिक वाद्य यंत्रें की मधुर धुन से वातावरण में भक्ति रस की धारा बह निकली। गोवर्धन को कृष्ण का एक अंगुली पर उठाने के दृश्य को दर्शकों ने बहुत सराहा।
इससे पूर्व राजस्थान कलाकार कोहिनूर लंगा एवं उसकी पार्टी ने केसरिया बालम पधारो म्हारे देश एवं गोरबंध नखरालों की प्रस्तुति से दर्शकों की वाह वाही लटी। कार्यक्रम की शुरूआत समारोह के अध्यक्ष हिण्डोली विधायक श्री हरिमोहन शर्मा ने सरस्वती के चित्र पर माल्यर्पण कर की। समारोह के मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त श्री सुदर्शन सेठी ने कहा कि हाडौती में बून्दी क्षेत्र में पर्यटन की विपुल संभावनाएं हैं, जिसके लिए व्यापक रूप से प्रयास किये जा रहे हैं। जिला कलक्टर श्री श्याम सुन्दर बिस्सा ने अतिथियों को बून्दी उत्सव के स्मृति चिन्ह भेंट किये। वहीं बून्दी उत्सव आयोजन समिति के सदस्य श्री राजकुमार दाधीच एवं पुरूषोत्तम लाल पारीक ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर चौरासी खम्बों की छतरी पर बून्दी के मशहूर शोरगर श्री जमील भाई की आतिशबाजी भी लोगों को प्रभावित किये बगैर नहीं रही।
इस अवसर पर बून्दी विधायक श्रीमती ममता शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री जे.के. पुरोहित सहित जिलाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बडी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे।
|