शैक्षिक विकास के लिए डूंगरपुर विधायक की पहल
29 Nov
2007
शैक्षिक उन्नयन के लिए पहल करते हुए डूंगरपुर विधायक पूंजीलाल परमार ने स्थानीय किशनलाल गर्ग राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो कक्षा-कक्ष एवं एक बरामदे निर्माण के लिए विधायक मद से ५ लाख रूपये देने की घोषणा की है।
डूंगरपुर २९ नवंबर/शैक्षिक उन्नयन के लिए पहल करते हुए डूंगरपुर विधायक पूंजीलाल परमार ने स्थानीय किशनलाल गर्ग राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो कक्षा-कक्ष एवं एक बरामदे निर्माण के लिए विधायक मद से ५ लाख रूपये देने की घोषणा की है।
विधायक परमार ने यह घोषणा विद्यालय में आयोजित समाजोपयोगी उत्पादक कार्य एवं समाज सेवा शिविर के समापन समारोह एवं गुरू नानक जयन्ती उत्सव के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को श्रम के प्रति निष्ठावान होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों में स्वावलंबन के विकास पर जोर दिया। समारोह को विशिष्ट अतिथि मनोज पाटीदार ने भी संबोधित किया।
समारोह में समाज सेवी शंकर यादव ने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया और कहा कि परिश्रम के बल पर ही व्यक्ति जीवन में विकास कर सकता है। इससे पूर्व अतिथियों ने वाग्देवी मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। अंजलि व दल ने ईशवन्दना की। विद्यालय प्रधानाचार्य प्रेमांशुराम मेहता ने स्वागत उद्बोधन दिया। गतिविधि प्रभारी महेन्द्र प्रसाद जोशी ने पांच दिवसीय शिविर में संपन्न हुई गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
|