राज्यपाल ने किया डूंगरपुर कलेक्ट्रेट का अवलोकन नवाचारों को देखकर कहा एक्सीलेण्ट 29 Nov
2007
महामहिम राज्यपाल श्री एस.के.सिंह ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरूवार प्रातः स्थानीय जिला कलक्ट्रेट कार्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने जिला कलक्ट्रेट में कलक्टर नीरज के.पवन द्वारा लागू किए गए नवाचारों का निरीक्षण किया और प्रशंसा करते हुए कहा ‘एक्सीलेण्ट‘।
डूंगरपुर २९ नवंबर/ महामहिम राज्यपाल श्री एस.के.सिंह ने अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरूवार प्रातः स्थानीय जिला कलक्ट्रेट कार्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने जिला कलक्ट्रेट में कलक्टर नीरज के.पवन द्वारा लागू किए गए नवाचारों का निरीक्षण किया और प्रशंसा करते हुए कहा ‘एक्सीलेण्ट‘।
आज प्रातः १० बजे महामहिम राज्यपाल स्थानीय जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। राज्यपाल ने जिला कलक्टर कक्ष में बैठकर कलेक्ट्रेट में लागू ड्रेस कोड, ई-वॉच, म्यूजक व एड्रेस सिस्टम, ई-उपस्थिति इत्यादि नवाचारों संबंधी जानकारी प्राप्त की। यहां लागू ड्रेस कोड के तहत राज्यपाल ने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को एक जैसी यूनीफॉर्म में देखा और आश्चर्य मिश्रित प्रसन्नता के साथ सराहना की। जिला कलक्टर नीरज के. पवन ने राज्यपाल को अपने कक्ष में लगाए क्लॉज सर्किट टी वी के माध्यम से संपूर्ण परिसर में संचालित कार्यालयों पर निगाह रखने की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया और कहा कि इसके माध्यम से समस्त कार्यालयों व प्रभागों की गतिविधियों की जानकारी रखने के साथ ही एड्रेस सिस्टम के माध्यम से निर्देश देने में मदद मिलती है।
जिला कलक्टर ने उन्हें यहां स्थापित म्यूजक सिस्टम के माध्यम से समस्त प्रभागों में निरंतर बजने वाले संगीत के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से प्रार्थनाओं, देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न प्रकार के वाद्यों की स्वर लहरियां मंद आवाज में समस्त परिसर में बजती रहती है और कार्मिकों में उत्साह का संचरण करती रहती हैं। राज्यपाल ने यह भी पूछा कि यहां पर कौनसे वाद्य के रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। जिला कलक्टर ने उन्हें बताया कि इसमें वीणा, संतूर और वॉयलिन सहित अन्य वाद्यों का संगीत उपलब्ध है और प्रहरों के अनुरूप संगीत बजाया जाता है। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित जिला परिषद सभागार में स्थापित हो रहे रिक्रेयेशन रूम के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि वर्तमान में यहां टेबल टेनिस खेल की सुविधा उपलब्ध है तथा शीघ्र ही यहां पर अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी जिसका उपयोग परिसर के अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय समय के बाद कर सकेंगे।
इसके बाद उन्हने कलेक्ट्रेट के सामान्य शाखा का अवलोकन किया । यहां उन्हने लगाए गए वेब केमरे और संगीत की सुविधा के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर जिला कलक्टर ने टीम डूंगरपुर के विशाल फोटो को दिखाया और महामहिम राज्यपाल और अन्य अतिथियों को स्थानीय सोमपुरा शिल्पकारों द्वारा पारेवा पत्थर से निर्मित शिल्पकलाकृतियां भेंट की। इससे पूर्व महामहिम के यहां कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला कलक्टर पवन, जिला पुलिस अधीक्षक विजेन्द्र झाला, अतिरिक्त जिला कलक्टर टी आर जोशी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यप्रकाश, जिला रसद अधिकारी गोपाल मोहन माथुर, उपखण्ड अधिकारी रामचंद्र खराडी, पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान जुगतावत, पुलिस विशेष शाखा के गजेन्द्र सिंह, पीए हेमेन्द्र चौबीसा समेत समस्त कार्यालयकर्मियों ने पुष्पहार व बुके भेंट कर स्वागत किया।