जन स्वास्थ्य अभियात्रिकी विभाग ने दी जानकारी
29 Dec
2007 डूंगरपुर शहर में पुनर्गठित जलप्रदाय योजना के तहत पाईप लाईन डलवाने का कार्य करवाया जा रहा है। यद्यपि पाईप लाईन डलवाने के उपरांत सडक पर मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा था,
डूंगरपुर २९ दिसंबर/ जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग खण्ड डूंगरपुर के अधिशाषी अभियंता ने स्पष्ट किया है कि माडा ग्राम में पेयजल वितरण जनता जल योजना के तहत ग्राम विकास समिति माडा द्वारा ही किया जा रहा है वहीं पेयजल योजना का संचालन एवं संधारण तथा पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से निर्वहन करने संबंधी संपूर्ण दायित्व का निर्वहन संबंधित समिति द्वारा ही किया जाता है।
उन्होंने बताया कि ग्राम में टंकी भरकर पीएसपी के माध्यम से पेयजल वितरण किया जा रहा है तथा इस संबंध में अध्यक्ष ग्राम विकास समिति, माडा को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम में कुल ३८ हेण्डपम्प लगे हुए है वहीं दो क्षतिग्रस्त हेण्डपम्प साईट से हटाकर नए लगवा दिए हैं। वर्तमान में हेण्डपम्प मरम्मत का कार्य संबंधित पंचायत समिति द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमलवाडा में बालिका छात्रवास के पास वार्ड नंबर ५ में गुंदलारा रोड पर विभाग द्वारा पूर्व में पाईप लाईन डाली गई थी, परन्तु किसी भी उपभोक्ता द्वारा कनेक्शन हेतु आवेदन नहीं करने के कारण लाईन अनुपयोगी पडी है। यदि क्षेत्रवासी उस लाईन से जलसंबंध लेने के इच्छुक हों तो आवेदन करने पर उक्त लाईन को पुनः चालू करने के प्रयास किए जाएंगे।
डूंगरपुर शहर में पुनर्गठित जलप्रदाय योजना के तहत पाईप लाईन डलवाने का कार्य करवाया जा रहा है। यद्यपि पाईप लाईन डलवाने के उपरांत सडक पर मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा था, परंतु सडक की चौडाई कम होने एवं आवागमन हेतु कोई अन्य बाईपास नहीं होने के कारण कंकरीटींग सेट होने से पूर्व ही उस पर वाहन चलने लगे थे, जिससे सडक पुनः क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में सहायक अभियंता को पूर्ण सावधानी बरतते हुए तकनीकी नियमों के अनुरूप सडक की मरम्मत करने के निर्देश दे दिए गए हैं।ं
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम पिण्डावल में पेयजल वितरण टंकी के माध्यम से किया जाता है। सहायक अभियंता द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार टंकी की सफाई निर्धारित मानदण्डानुसार हो रही है। टंकी पुरानी होने के कारण कुछ जगह प्लास्टर व रेलिंग टूट गई जिसके संबंध में आवश्यक प्रस्ताव प्रेषित कर दिए गए हैं।