प्रभारी सचिव ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण
29 Dec
2007 जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं अन्य राजकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हिराता पशुकेन्द्र पर कम्पाउण्डर के अनुपस्थित पाए जाने एवं अनियमितता की शिकायत पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए।
डूंगरपुर २९ दिसंबर/ जिले के प्रभारी एवं शासन सचिव जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग राजस्थान विनोद कपूर ने शनिवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं अन्य राजकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हिराता पशुकेन्द्र पर कम्पाउण्डर के अनुपस्थित पाए जाने एवं अनियमितता की शिकायत पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए।
आज प्रातः डूंगरपरु से ठाकरडा पहुंच कपूर ने ग्राम पंचायत स्तर पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। सरपंच विजयलाल डामोर ने सचिव का स्वागत किया साथ ही स्वास्थ्य विभाग के उफन्द्र का निरीक्षण किया एवं मौके पर जिलाधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वहां उपस्थित डॉ राजाराम मीणा से टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना, दवाईयां आदि की उपलब्धता एवं वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पटवारी से चारागाह भूमि पर अतिक्रमण एवं उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पशु चिकित्सा केन्द्र का निरीक्षण किया और पशुओं के बांधने के स्थल पर आवश्यक भराव करने के निर्देश दिए। आंगनवाडी केन्द्र द्वितीय का निरीक्षण करने पर सहयोगिनी अनुपस्थित पाई गई वहीं कार्यकर्ता बच्चों को लाने गई, बताया गया। इसी प्रकार आंगनवाडी केन्द्र प्रथम में सहयोगिनी अनुपस्थित पाई गई एवं २२ में से ८ बच्चे उपस्थित थे जबकि बच्चों की उपस्थिति अग्रिम अंकित कर दी गई थी। इस पर उन्होंने रोष व्यक्त किया और विभागीय अधिकारियों को इस प्रकरण पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
यहां उन्होंने पानी की टंकी, ट्यूबवेल आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने जनजाति विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवास का भी निरीक्षण किया और यहां पर विकसित की गई बागवानी को देखकर प्रसन्न्ता व्यक्त की। यहां से प्रभारी सचिव कपूर टामटिया की ओर रवाना हुए जहां उन्होंने मार्ग में चल रहे राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव ने टामटिया ग्राम पंचायत पहुंचे जहां उन्हंने समस्त विभागों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। यहां उन्होंने लेम्पस, उचित मूल्य की दुकान, मिनी बैंक आदि का निरीक्षण किया एवं संतोष व्यक्त किया। यहां भी उन्होंने पशु स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। कपूर ने टामटिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने टामटिया बांध पर चल रहे कार्य के बारे मे सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता अशोक बाबेल से जानकारी ली।
कपूर यहां से आंतरी पहुंचे जहां उन्होंने क्षेत्रीय वन कार्यालय का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। यहां उन्होंने सभी विभागों की गतिविधियों का निरीक्षण किया। वहीं आंतरी पीएचसी का अवलोकन किया। यहां पर भवन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति पर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को इस हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यहां पशुकेन्द्र बंद पाया गया। वहीं मौके पर कम्पाउण्डर भी अनुपस्थित पाया गया। ग्रामीणों द्वारा कंपाउण्डर की अनियमितता के संबंध में शिकायत किए जाने पर उन्हने जांच व कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने बिलडी में दो उचित मूल्य की दुकानों का भी निरीक्षण किया व समस्त विभागीय कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी एल राव, सागवाडा उपखण्ड अधिकारी करतार सिंह मीणा, उपखण्ड अधिकारी रामचंद्र खराडी, तहसीलदार जसराम मीणा, जिला रसद अधिकारी गोपाल मोहन माथुर, विकास अधिकारी सागवाडा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिले के ठाकरडा गांव में जनसमस्याओं को सुनते प्रभारी सचिव, ठाकरडा में ही आंगनवाडी केन्द्र का निरीक्षण करते प्रभारी सचिव, टामटिया में रोजगार गारंटी कार्यों का अवलोकन करते तथा वरदा धाम के महंत से चर्चा करते प्रभारी सचिव।