सतर्कता समिति की बैठक में १८ प्रकरणों का निस्तारण 29 Dec
2007
जन अभाव अभियोग एवं निराकरण सतर्कता समिति की मासिक बैठक शनिवार को जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई।
हनुमानगढ, २९ दिसम्बर । जन अभाव अभियोग एवं निराकरण सतर्कता समिति की मासिक बैठक शनिवार को जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विचाराधीन २७ प्रकरणों में से १८ का निस्तारण करते हुए शेष को लम्बित रखा गया। गंगमूल डेयरी में सुरक्षा प्रहरी के नियोजन सम्बन्धी कार्यवाही को निरस्त करने के प्रकरण में प्रबन्ध निदेशक ने समिति को अवगत कराया कि भूतपूर्व सैनिक सोसाएटी को शर्ते पूर्ण करने पर बिना निविदा के सुरक्षा प्रहरी के रुप में नियोजन का अवसर दिया जाएगा तथा इस बारे में शीघ्र ही विज्ञप्ति जारी की जाएगी। सतर्कता समिति के जरिए वे इस निर्णय से भारतीय सैनिक पूर्व कल्याण समिति के अध्यक्ष द्वारा दर्ज परिवाद में बडी राहत मिली है।
भटटा कॉलोनी के महेन्द्र सिंह द्वारा कच्ची बस्ती में प्लाट के नियमन के बारे में दर्ज प्रकरण में नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी ने जिला कलक्टर को अवगत कराया कि एक प्लॉट को निरस्त कर दिया गया है। इस पर इस प्रकरण को निस्तारण कर दिया गया । चक झुरियांवाला के लालचन्द द्वारा सेम निवारण ठेकेदार एवं अन्य अधिकारियों द्वारा धांधली की जांच से सम्बन्धित प्रकरण में जिला कलक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियन्ता तथा तहसीलदार को जाँच करने के निर्देश दिए। संगरिया के श्री विजय सिह बिशनोई के प्रकरण में मानव मंगल संस्थान संगरिया की शैक्षणिक गतिविधयों से सम्बंधित प्रकरण के बारें में जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी द्वारा की गई जाँच को सभी सम्बंधितों को भेजने के निर्देश देते हुए प्रकरण को सर्तकता समिति से निस्तारित कर दिया।
पीलीबगा के मुखत्यार सिंह ने जनस्वास्थ्य अभियन्त्रिकी विभाग के तहत पाईप लाईन नही डाले जाने के प्रकरण में जिला कलक्टर ने त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। जिला प्रमुख री राजेन्द्र मक्कासर एवं हनुमानगढ के विधायक श्री विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि विधायक कोष एवं सस्द कोष से सम्बंधित कार्यो के क्रियान्वयन में रूकावट डालने पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। संगरिया वार्ड नम्बर १९ के श्री रामसिह तंवर को प्लाट के पटटे से सम्बन्धित प्रकरण में संगरिया नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी क रिपोर्ट प्रस्तुत करने के व सतीपुरा गांव में भष्ट्राचार निरोधक प्रकोष्ठ ने ईट भटटा समिति द्वारा गत १५ वर्षों से सरकारी जमीन पर गैर मंजूर भटटा संचालन करने के प्रकरण में तहसीलदार व नगरपालिका की रिपोर्ट आने तक लम्बित रखा गया। हनुमानगढ जंक्शन सैक्टर छः के बलदेव सिह द्वारा अवैध अतिक्रमण हटवाने के प्रकरण में जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी और अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका हनुमानगढ को कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रमुख श्री राजेन्द्र मक्कासर, हनुमानगढ के विधायक श्री विनोदकुमार चौधरी, जन अभाव अभियोग एवं निराकरण सतर्कता समिति के सचिव व अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री आर.सी. गुप्ता, उपमहानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्राक श्री शंकरलाल शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शोभालाल मूंदडा व सर्तकता समिति के सदस्य श्री इन्द्रमोहन सिंह धानका व पवन गोल्याण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।