झुन्झुनू-पर्यटन विकास की ३८१ लाख रुपये की बडी योजना स्वीकृत
29 Dec
2007
जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने शुक्रवार को झुन्झुनू में देते हुए बताया कि शेखावाटी सर्किट के पर्यटकीय विकास के लिए भारत सरकार को भेजे गये प्रस्तावों के क्रम में उक्त स्वीकृति प्राप्त हुई है।
जयपुर, २९ दिसम्बर। भारत सरकार ने झुन्झुनू जिले के पर्यटन विकास के लिए ३ करोड ८१ लाख ५९ हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। डेस्टीनेशन विकास योजनान्तर्गत सीकर, चूरू और झुंझुनू जिलों के पर्यटन विकास के लिए कुल ७ करोड ५४ लाख ४६ हजार रुपये मंजूर किये गये हैं जिनमें ३ करोड ८१ लाख ५९ हजार रुपये झुंझुनू जिले के लिए हैं।
यह जानकारी जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने शुक्रवार को झुन्झुनू में देते हुए बताया कि शेखावाटी सर्किट के पर्यटकीय विकास के लिए भारत सरकार को भेजे गये प्रस्तावों के क्रम में उक्त स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस स्वीकृति से जिले के पर्यटकीय स्वरूप को नये आयाम मिल सकेंगे। जिला कलेक्टर ने बताया कि लोहार्गल की २४ कोसीय परिक्रमा मार्ग में यात्री विश्राम व सुविधाओं आदि के निर्माण के लिए ९७ लाख ११ हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार झुंझुनू में मेडतनी बावडी के जीर्णोद्धार व संरक्षण के लिए २० लाख २९ हजार रुपये, झुंझुनू में ही दरगाह मार्ग सहित पर्यटन महत्व के अन्य प्रमुख मार्गों के सौन्दर्यीकरण के लिए ९ लाख ४० हजार रुपये, गांधी चौक पार्क के विकास के लिए १४ लाख ७१ हजार रुपये तथा शिल्पग्राम आबूसर के विकास के लिए ७६ लाख ४६ हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि नवलगढ कस्बे में शार्दुल सिंह की छत्री के जीर्णोद्धार, संरक्षण व सौन्दर्यीकरण के लिए १४ लाख ९५ हजार रुपये, नवलगढ में ही गंगा माई मंदिर परिसर के सौन्दर्यीकरण के लिए ९ लाख ९४ हजार रुपये, किरोडी के कुण्डों के जीर्णोद्धार के लिए २० लाख २९ हजार रुपये, कोट बांध के विकास व सौन्दर्यीकरण के लिए २८ लाख ७३ हजार रुपये, मण्डावा में विरासत संरक्षण से जुडी सडकों के विकास के लिए २० लाख ४९ हजार रुपये, मण्डावा में ही अल्खानी जोहड के जीर्णोद्धार व सौन्दर्यीकरण के लिए २० लाख २९ हजार रुपये तथा खेतडी स्थित भोपालगढ की सम्फ सडक के सौन्दर्यीकरण व प्रकाश व्यवस्था के लिए २० लाख ६३ हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा झुंझुनू, मण्डावा, खेतडी, नवलगढ, अलसीसर, मुकुन्दगढ व डूण्डलोद में सडकों पर संकेत पट्ट लगाने आदि कार्यों के लिए ३८ लाख ३५ हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। जिला कलेक्टर ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार शीघ्र ही उक्त कार्यों को प्रारम्भ किया जाएगा।
|