डीआरएम के काफिले को रोका
30 Jan
2008 प्रस्तावित प्रदर्शन व घेराव की सूचना के दृष्टिगत काफिले के साथ सिविल पुलिस के अलावा काफी तादाद में रेलवे पुलिस भी थी मगर संघर्ष समिति के विरोध के आगे सारी व्यवस्थाएं धरी रह गई और मजबूर होकर मण्डल रेल प्रबंधक पंकज जैन को कार से नीचे उतरना पडा।
सूरतगढ, विकास यादव। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार नागरिक संघर्ष समिति के पदाधिकरी आज इन्दिरा चौराहे पर मण्डल रेल प्रबंधक के काफिले को रोकने में सफल हो गये।
नागरिक संघर्ष समिति के संयोजक लक्ष्मण शर्मा के नेतृत्व में करीब दो दर्जन व्यक्ति इन्दिरा चौराहे पहुंचे और पूरे जोश के साथ मण्डल रेल प्रबंधक के काफिले के आगे डट गये। हालांकि प्रस्तावित प्रदर्शन व घेराव की सूचना के दृष्टिगत काफिले के साथ सिविल पुलिस के अलावा काफी तादाद में रेलवे पुलिस भी थी मगर संघर्ष समिति के विरोध के आगे सारी व्यवस्थाएं धरी रह गई और मजबूर होकर मण्डल रेल प्रबंधक पंकज जैन को कार से नीचे उतरना पडा।
संघर्ष समिति पदाधिकारियों को श्री जैन ने आश्वासन दिया कि अपराह्न तीन बजे बाद वे रेल समस्याओं बाबत स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में वार्ता करेंगे। इस आश्वासन के बाद संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने रास्ता छोड दिया।
अपराह्न 3 बजे क्षेत्र की रेल समस्याओं को लेकर नागरिक संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधि मण्डल यहां स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में मण्डल रेल प्रबंधक से मिला व उन्हें एक छः सूत्री मांग पत्र सौंपा।
संयोजक का. लक्ष्मण शर्मा के नेतृत्व में दिये गये ज्ञापन में एक्सप्रेस गाडियों के विलम्ब से चलने, बीकानेर-बांद्रा हावडा बीकानेर व भटिण्डा-जम्मुतवी को सूरतगढ तक बढाने, स्वरूपसर-श्रीगंगानगर मीटर गेज लाइन को शीघ्र ब्राडगेज में बदलने व सूरतगढ रेलवे स्टेशन पर चल रहे घटिया निर्माण कार्यों बाबत दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई।
मण्डल रेल प्रबंधक पंकज जैन ने प्रतिनिधि मण्डल को बताया कि मांग पत्र में अधिकतर समस्याएं रेलवे बोर्ड स्तर की है। इसलिये उनका प्रस्ताव बनाकर बोर्ड को भिजवा दिया जाएगा। स्वरूपसर-श्रीगंगानगर लाइन को ब्राडगेज में बदलने बाबत मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि इस कार्य में अभी डेढ वर्ष का समय और लगेगा। उन्होंने कहा कि बजट समस्या की वजह से समय-समय पर इस कार्य में व्यवधान पडता रहा है। प्रतिनिधि मण्डल में लक्ष्मण शर्मा के अलावा पार्षद मदन ओझा, रतन सोनी, एडवोकेट सहदेव जोशी, विजय कुमार गोयल, ललित शर्मा, ओम सोमानी, सुनील मोदी व राजेश भादू शामिल थे।