सूरतगढ, विकास यादव। आयकर आयुक्त अपील के आर छावल ने आज यहां आयकर की अपीलों पर सुनवाई शुरू की। श्री छावल के इस शिविर में कुल 54 मामले रखे गये थे, आयकर के वकील की दलीलों के बाद आयुक्त इन मामलों में अपना निर्णय देंगे। आयकर आयुक्त अपील के साथ आयकर अधिकारी शिवराज सिंह नरुका भी आये हैं। श्री नरुका पूर्व में यहां आयकर कार्यालय में रह चुके हैं।
श्री छावल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कई आयकर दाता बहानेबाजी कर अपील कर तारीख लेते रहते हैं, जिससे मामले का निस्तारण लम्बित हो जाता है। अपील के लम्बित होने के कारण आयकर दाता को आयकर नहीं देना पडता। इसी कारण अपील की सुनवाई के लिये विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आम लोगों की देश के प्रति निष्ठा बढी है, जिससे पूरे देश में आयकर के 40 प्रतिशत असेसी बढे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर क्षेत्र की 54 अपीलों की सुनवाई इस शिविर में की जायेगी। दोपहर 20 से अधिक आयकर दाता अपील में वकील के माध्यम से पेश हुए। वकीलों ने जो तर्क अपील के संदर्भ में दिये हैं, उनकी छानबीन के बाद निर्णय किया जायेगा। अपीलों पर सायं 4 बजे तक सुनवाई होगी। श्री छावल ने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार प्रत्येक अपील अधिकारी को हर माह साठ मामलों का निस्तारण करना होता है। प्रत्येक अपील अधिकारी प्रतिदिन कम से कम तीन मामलों की सुनवाई करता है। उन्होंने बताया कि वे यहां दो दिनों के अंदर 31 दिसम्बर तक लंबित सौ अपीलों पर सुनवाई करेंगे। 31 जनवरी को वे हनुमानगढ में कैंप लगाएंगे, जहां हनुमानगढ और सूरतगढ क्षेत्र के पचास अपीलकर्ताओं से सुनवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले हनुमानगढ का अपील अधिकारी अलग होने के कारण यहां बकाया मामले कम रहते थे। अब दोनों जिलों का अपील अधिकारी उन्हें लगाया गया है। इसी कारण वे हर माह दोनों स्थानों पर अपीलों की सुनवाई करने के लिए पहुंचते हैं।