भारत के मुख्य न्यायाधीश के. जी. बालकृष्णन सुप्रीम कोर्ट के विघटन के पक्ष में नहीं हैं। जस्टिस बालाकृष्णन ने सुप्रीम कोर्ट की चार क्षेत्रीय खंडपीठों के गठन की विधि आयोग के सुझाव को खारिज करते हुए आज कहा कि देश में सुप्रीम कोर्ट एक ही होना चाहिए। मुख्य न्यायाधीश ने दो टूक शब्दों में कहा कि "मैं सर्वोच्च न्यायालय के विघटन के पक्ष में नहीं हूं। सुप्रीम कोर्ट देश की राजधानी में है और निजी तौर पर मुझे लगता है कि यह देश के किसी दूसरे राज्य में नहीं हो सकता।" उन्होंने कहा कि "किसी भी देश में सुप्रीम कोर्ट एक ही होता है। यह अंतिम अदालत है और हमें इसकी अखंडता को बनाए रखनी चाहिए।"उल्लेखनीय है कि पिछले साल विधि आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के विघटन का सुझाव दिया था। विधि आयोग के अनुसार दिल्ली की मुख्य अदालत के अलावा देश के चार राज्यों दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और मुंबई में क्षेत्रीय स्तर पर सुप्रीम कोर्ट की शाखाएं होनी चाहिए। विधि आयोग का मानना है कि इससे सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई में मदद मिलेगी और पीडितों को इंसाफ के लिए सालों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।