श्रीगंगानगर, लोकसम्मत का रजत जयंती समारोह आज गगनपथ पर स्थित सिटी गार्डन में मनाया गया। समारोह के मुख्यअतिथि डॉ. महेशचन्द्र शर्मा थे। अध्यक्षता कृषि राज्यमंत्री सुरेन्द्रपालसिंह टीटी ने की। विशिष्ट अतिथि विधायक अशोक नागपाल थे।
डॉ. महेश शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज बाजारीकरण का दौर है। इस बाजार में सब कुछ बिक रहा है। बाजार ही हर चीज का फैसला कर रहा है। इससे अखबारों में संपादक और संपादकीयकरण मरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि लोकसम्मत में संपादक मण्डल स्वतंत्र है। संपादक शिव स्वामी भाजपा से जुडे हैं, किन्तु उन्होंने समाचार प्रकाशन में सदैव निष्पक्षता को महत्व दिया।
शर्मा ने कहा कि महाभारत का आंखों देखा हाल संजय ने धृतराष्ट्र को सुनाया। संजय विश्व के पहले पत्रकार के रूप में जाने जाते हैं। अगर संजय नहीं होता, तो श्री मद्भागवत गीता जैसा महान ग्रंथ भी नहीं होता। संजय ने ही महाभारत युद्ध में श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गीता के उपदेशों को धृतराष्ट्र तक पहुंचाया। इससे ही गीता के जरिये आम जन तक पहुंचा।
कृषि राज्यमंत्री सुरेन्द्रपालसिंह टीटी ने कहा कि लोकसम्मत क्षेत्र के निर्भिक समाचारों के लिए अपनी अलग पहचान 25 सालों से बनाये हुए है। उन्होंने लोकसम्मत के संपादकीय विभाग को इसके लिए बधाई दी।
विधायक अशोक नागपाल ने कहा कि बीकानेर सम्भाग में लोकसम्मत अपनी अलग छवि बनाये हुए है। आम जन की पीडा को इस समाचार-पत्र ने प्रमुखता से उठाया और उसका समाधान करवाया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जैतसर से पधारे किसान कांग्रेस के नेता परमजीत सिंह रंधावा तथा भाजपा जिला महामंत्री महेन्द्रसिंह सोढी ने भी विचार व्यक्त किये। समारोह में दूरदराज के मंडियों के संवाददाता व मौजिज व्यक्तियों सहित सैंकडों लोग उपस्थित थे। सभी ने संपादक शिव स्वामी को लोकसम्मत के 25 वर्ष पूर्ण करने पर बधाई दी।