बीकानेर, राजस्थान दिवस पर सोमवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में सिविल लाइन्स स्थित दयानंद पब्लिक स्कूल में दो वर्गों में चित्राकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं के करीब 200 बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया तथा अपने मनोभावों को कूंची व कलम तथा भावों से अभिव्यक्त किया।
अतिथि के रूप में जिला कलक्टर श्रेया गुहा व प्राथमिक शिक्षा निदेशक आलोक गुप्ता ने बच्चों से बातचीत की तथा कला, साहित्य, संस्कृति तथा अपने गौरवशाली इतिहास के लिए विश्व विख्यात मरुप्रदेश राजस्थान की विशेषताओं से अवगत करवाया। अतिथियों ने कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत मायने नहीं रखती बल्कि सकि्रय भागीदारी प्रमुख होती है। उन्होंने राजस्थान दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी तथा प्रदेश के शैक्षिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए सहभागी बनने तथा अपने नागरिक दायित्व का सही तरीके से निवर्हन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता संयोजक दयानंद स्कूल की प्राचार्य अलका डॉली पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया तथा राजस्थान के वैभव को उजागर किया। राजस्थानी वेशभूषा में दयानंद स्कूल के बच्चों ने राजस्थानी गीत ‘केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश‘ सुनाया तथा ‘रंग रंगीलो म्हारो राजस्थान‘ गीत के साथ नीलम शेखावत व मोनिका शर्मा ने राजस्थानी नृत्य पेश किया।
चित्राकला प्रतियोगिता में कक्षा एक से तीन के वर्ग में दयानंद पब्लिक स्कूल की प्रिया शर्मा प्रथम, केन्द्रीय विद्यालय नं. एक के कार्तिकेय द्वितीय, मातृ सेवा सदन की दीक्षा घारू तृतीय रही। सोफिया स्कूल की खुशी पारीक, दयानंद पब्लिक स्कूल की दीपांशी गुप्ता व गुणिका शर्मा को प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया।
कक्षा चार से आठ के वर्ग में दयानंद पब्लिक स्कूल की उर्वशी बंसल ने पहला, पराक्रम पांडे ने दूसरा तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खारा के दीन दयाल ने तीसरा स्थान पाया। आर.एस.वी. की जयश्री करनाणी, दयानंद पब्लिक स्कूल के आयुष्मान व हिमान्गनी गौड को प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘मेरे सपनों का राजस्थान‘ था। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मेजबान स्कूल दयानंद पब्लिक स्कूल की तुलजा पालीवाल प्रथम, सोफिया स्कूल की भाविका मोदी द्वितीय तथा आर्मी स्कूल की नेहा सावल तृतीय रही । छात्रों के वर्ग में दयानंद पब्लिक स्कूल के सोमेश बागडी ने प्रथम, मुकुल व्यास द्वितीय तथा राष्ट्र उन्नति स्कूल के अनुराग हर्ष ने तृतीय स्थान पाया।