बांसवाडा, 3॰ अप्रेल/बांसवाडा सूचना केन्द्र में सोमवार शाम श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से आयोजित समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद तथा उपखण्ड अधिकारी वासुदेव मालावत का अभिनंदन किया गया तथा बांसवाडा से स्थानान्तरित होने पर भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर विकास एस. भाले एवं जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल अतिथियों के रूप में उपस्थित थे। जिला कलक्टर ने अपने उद्बोधन में दोनों स्थानान्तरित अधिकारियों की कार्यशैली, व्यवहार और लोकप्रियता की सराहना की और कहा कि उन्होंने अपने पूरे प्रशासनिक कार्यकाल में ऐसे अधिकारी नहीं देखे।
जिला कलक्टर ने अबरार अहमद तथा वासुदेव मालावत की प्रशासनिक दक्षता की तारीफ करते हुए कहा कि काम के प्रति लगन, पहल करने तथा समाधान की अद्भुत क्षमता दोनों में है। यह भावना अन्तःप्रेरणा से आती है। उन्हने बांसवाडा में मीडिया जगत की भूमिका को सराहा तथा सकारात्मक पत्रकारिता के लिए बधाई दी।
बांसवाडा के मीडियाकर्मियों से प्रशासन को मिल रहे सहयोग के प्रति जिला कलक्टर ने आभार जाहिर किया और कहा कि मीडिया व्यवस्थाओं में सुधार लाने में सशक्त उत्प्रेरक भूमिका निभाता है।
जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मान की मीडिया की पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे प्रशासन और मीडिया के मध्य समन्वय और सौहार्द की भावनाओं का प्रकटीकरण होता है।
अपने अभिनंदन एवं विदाई के प्रत्युत्तर म दोनों अधिकारियों ने बांसवाडा के मीडिया जगत को सकारात्मक सोच से परिपूर्ण, प्रगतिशील और दूरदर्शी बताते हुए अपने कार्यकाल में प्राप्त भरपूर सहयोग के लिए मीडिया के प्रति हार्दिक आभार ज्ञापित किया।
राज्य प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अबरार अहमद ने इस दौरान् बांसवाडा जिले में अपने कार्यकाल के अनुभव सुनाए तथा कहा कि प्रजातांत्रिक व्यवस्था में अधिकारियों को राजा की तरह नहीं बल्कि लोक सेवक के रूप में बर्ताव बरना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि उनके सम्फ में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आत्मीयता व सकारात्मक पहल का अहसास हो।
उन्होंने कहा कि दबाव या डर के माहौल में काम करने की बजाय यह जरूरी है कि आत्म अनुशासन के साथ काम करें और जन सेवा के लिए निष्काम एवं निर्भयतापूर्वक काम करें। उन्होंने कहा कि आलोचना से सुधार की प्रक्रिया को बल मिलता है और इससे प्रशासनिक नियंत्रण और जन समस्याओं के समाधान की रफ्तार तेज होती है। वस्तुतः प्रेस जनाक्रोष रोकने का प्रभावी माध्यम है, क्योंकि जनाक्रोश की मीडिया के माध्यम से अभिव्यक्ति नहीं होने से विद्रोह की संभावनाओं को बल मिलता है।
अबरार अहमद ने बांसवाडा में सामाजिक सरोकारों से जुडे अभियानों और कार्यक्रमों में मीडिया के प्रायोजकत्व की भी सराहना की और कहा कि इस दिशा में बांसवाडा का मीडिया अच्छी पहल कर रहा है।
समारोह में राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी शिवभानसिंह, भास्कर के संपादकीय प्रभारी राजेश रावत, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र भट्ट, महासचिव शरद पण्ड्या, कोषाध्यक्ष मृदुल पुरोहित, सदस्य सुभाष मेहता, शैलेन्द्र वोरा, संदीप कुमावत, जयप्रकाश व्यास, पवन त्रिवेदी, सुशील कुमार सिंह, संजयसिंह, राजेन्द्र शाह, भगवतीलाल भट्ट, योगेशकुमार शर्मा, संजयसिंह, सोहनलाल माटा आदि मीडिया प्रतिनिधियों व संघ के पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को पुष्पहार पहनाए तथा अभिनंदन पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किए।
इस अवसर पर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों अबरार अहमद एवं वासुदेव मालावत के दीर्घावधि बांसवाडा कार्यकाल पर व्यापक चर्चा करते हुए वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों की प्रभावी कार्यशैली, माधुर्यपूर्ण व्यवहार, कुशलतम नेतृत्व, बांसवाडा जिले की जन समस्याओं के निराकरण तथा जिले के विकास में योगदान आदि को रेखांकित किया।
वक्ताओं ने अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद की सेवाओं को बांसवाडा के लिए यादगार कीर्तिमान बताते हुए कहा कि बाँसवाडा जिले में अहमद ने मानवीय संवेदनाओं, सहृदयता, व्यवहार माधुर्य और परोपकार की भावनाओं के साथ लोक सेवा का इतिहास कायम किया है। इसके साथ ही विलक्षण प्रशासनिक कौशल और पारदर्शिता के साथ राज-काज सम्पादन, आँचलिक विकास के प्रति समर्पित भूमिका के साथ ही बाँसवाडा जिले के मीडिया जगत के प्रति स्नेहिल आत्मीयता और अनुराग दर्शाया है, वह चिरस्मरणीय रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि जन समस्याओं के प्रति गंभीरता और संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण, अतिवृष्टि और बाढ की विकट परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा एवं राहत में अबरार अहमद की सराहनीय भूमिका तथा आम आदमी के हितों के प्रति आपका चिन्तन सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी के रूप में वासुदेव मालावत के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मालावत का बांसवाडा कार्यकाल जनसेवा, लोक समस्याओं के निराकरण, क्षेत्रीय विकास, कानून व्यवस्था की सुदृढता और राज-काज के कई आयामों में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय रहा है।
मीडिया प्रतिनिधियों ने कहा कि खासकर बांसवाडा के मीडियाकर्मियों से संवाद सातत्य, माधुर्यपूर्ण स्नेहसिक्त व्यवहार और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में मालावत की विलक्षण भूमिका रही है।
इसके साथ ही जिले में विभिन्न विषम हालातों में उन्होंने अपने साहस और अदम्य आत्मविश्वास के साथ जनता को राहत प्रदान की है तथा क्षेत्र की कई समस्याओं का उन्मूलन करवाया है, उसके लिए क्षेत्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। आरंभ में श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र भट्ट ने तमाम अधिकारियों, संभागियों का स्वागत किया और स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भूमि विकास बैंक के सचिव अनिमेष पुरोहित, पार्षद देवीलाल यादव, नईम खान पठान, मोहम्मद सईद सहित अनेक जन प्रतिनिधि, अधिकारीगण, लेखक विनोद पानेरी, भारत दोसी, जन सम्फकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह का संचालन शैलेन्द्र भट्ट ने किया। आभार प्रदर्शन की रस्म महासचिव शरद पण्ड्या ने अदा की।