बीकानेर ३० जून/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. बी. डी. कल्ला द्वारा राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार एंव उप राष्ट्रपति भैंरोसिंह शेखावत के खिलाफ आपत्तिजनक बयान बाजी किए जाने से नाराज शहर भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने आज अपरान्ह यहां कोटगेट पर विरोध प्रदर्शन के बाद डॉ. कल्ला का पूतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की । शहर भाजपा अध्यक्ष नंद किशोर सोलंकी की अगुवाई म जुलूस के रूप में कोटगेट पर एकत्रित हुए भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के पुतले पर लाठियां बरसायी और नारेबाजी के साथ पुतले को आग के हवाले कर दिया । भाजपा कार्यकर्त्ताओं में डॉ. बी.डी. कल्ला के खिलाफ आक्रोश उस बयान को लेकर था, जिसमें डॉ. कल्ला ने भैंरोसिंह शेखावत एंफोर्ट एग्रो घोटाले की लीपापोती का आरोप बताया था । पुतला दहन के दौरान शहर भाजपा अध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने डॉ. बी.डी. कल्ला की बयान बाजी को न सिर्फ राजनैतिक स्टंट बताया बल्कि डॉ. कल्ला ने उप राष्ट्रपति की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। डॉ. कल्ला का पूतला फूंकने वाले शहर भाजपा महामंत्री विजय आचार्य, भाजपा उपाध्यक्ष आनंद जोशी, लखपत पुरोहित, दुर्गाशंकर आचार्य, पूनमचंद विश्नोई और पार्टी पार्षद अरविन्द आचार्य किशोर सहित बडी तादात में भाजपा कार्यकर्त्ता मौजूद थे।