जयपुर, ३० जून। शिक्षा मंत्री श्री घनश्याम तिवाडी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री साहिब सिंह वर्मा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। श्री तिवाडी को आज जैसे ही स्व. वर्मा के आकस्मिक निधन का समाचार मिला वे अवाक रह गये। वे तुरंत घटना स्थल के लिये रवाना हो गये। रवाना होते -होते उन्होंने कहा कि साहिब सिंह वर्मा से उनके व्यक्तिगत संबंध रहे हैं और व्यक्तिगत रूप से उन्हें गहरा धक्का लगा है। सच्चे मायने में वे किसानों के हितेषी जन नेता थे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर वे सदैव प्रखर रहते थे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजस्थान से भी स्व. वर्मा का गहरा लगाव था। राज्य हित के मुद्दों पर जब भी उनसे संवाद होता, सुखद लगता था। उन्होंने वर्मा के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनकी कमी व्यक्तिगत रूप से उन्हें सदा खलती रहेगी। उन्होंने स्व. वर्मा के शोकग्रस्त परिवार को उनके निधन के असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की परमपिता परमेश्वर से कामना की है।