पत्रकार अपने दायित्व का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें - विधानसभा अध्यक्ष
30 Jun
2007
जयपुर, ३० जून। विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा सिंह ने कहा कि पत्रकारों को सरकार की रीति-नीति एवं योजनाओं के बारे में आम जनता को सूचित करने के साथ ही इसके प्रति क्या प्रतिक्रिया तथा खामियां हैं को भी उजागर करना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार एवं दैनिक नवज्योति के संस्थापक, कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी की १५ वीं पुण्य तिथि पर शुक्रवार को अजमेर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में सम्बोधित कर रही थी। श्रीमती सिंह ने स्वर्गीय कप्तान को सच्चा राष्ट्र भक्त एवं कलमकार बताते हुए पत्रकारों का आव्हान किया कि वे अपने दायित्व एवं धर्म का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करके उनके आदर्शों पर चलें, जिन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से अंग्रेजी शासकों तक के छक्के छुडा दिये थे। उन्होंने इस मौके पर कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी पत्रकारिता पुरस्कार उदयपुर के पत्रकार श्री बृजमोहन गोयल को प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्ष ने श्री गोयल को ३१ हजार रुपये का चैक दिया। शिक्षा मंत्री, जल संसाधन मंत्री, शिक्षा राज्य मंत्री, सांसद, श्री कल्ला व श्री लखावत ने गोयल को माला पहनाई, नारियल, प्रशस्ति पत्र , शॉल, साफा व स्मृति चिन्ह प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी सर्व श्री पन्ना लाल माहेश्वरी, ज्योति स्वरूप शर्मा, ईसर सिंह बेदी व शोभाराम गहरवार को भी शॉल ओढा कर सम्मानित किया। उन्होंने कृषि उपज मंडी की ओर से सर्वश्री लक्ष्मण, सोनकी, सीतादेवी को भी ५०-५० हजार रुपये की राशि के चैक दिए। इनके परिजनो का निधन अपने खेत में काम करते हुए हो गया था। श्रद्धांजलि समारोह की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा मंत्री श्री घनश्याम तिवाडी ने कहा कि आज हर क्षेत्र में ह्रास हो रहा है जिससे पत्रकारिता का क्षेत्र भी अछूता नहीं है। हमें इसे रोकने का प्रयास करना चाहिए तथा पत्रकार इसमें सही भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन एवं क्षेत्रों में हो रहा ह्रास चिंता का विषय है। उन्होंने कप्तान स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद चौधरी के जीवन पर प्रकाश डाला। जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट ने स्वर्गीय कप्तान को गांव, गरीब एवं किसान का मसीहा बताते हुए कहा कि पत्रकारों की लेखनी में बहुत ताकत होती है जिसका सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने स्व. चौधरी को राष्ट्र भक्त बताते हुए कहा कि आजादी की लडाई में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि कप्तान स्व. दुर्गा प्रसाद चौधरी ने अपनी लेखनी से अंग्रेजों के घुटने टिकाए तथा पीडत व्यक्तियों को न्याय दिलाया। उन्होंने सभी से स्व. चौधरी के आदर्शों पर चलने को कहा। पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने स्वर्गीय चौधरी के संघर्षमयी जीवन, लंबे समय तक जेल यात्रा और उनकी लेखनी को कमजोर नहीं होने देने की चर्चा करते हुए सभी से स्वावलंबन, साक्षरता एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में अच्छे कार्य करने को कहा। राजस्थान धरोहर संरक्षण प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री औंकार सिंह लखावत ने स्वर्गीय कप्तान साहब द्वारा आजादी की लडाई में अखबार निकालकर अलख जगाने का जिक्र करते हुए पत्रकारों से कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से सच्चा चित्रण करें। उन्होंने बताया कि शाहपुरा में स्वतंत्रता सेनानियों का संग्रहालय एवं आऊवा में सन् १८५७ की क्रांति संबंधी संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। सांसद श्री रासा सिंह रावत ने भी स्व. चौधरी को सच्चा राष्ट्र सेवक एवं निडर पत्रकार बताया। स्वर्गीय कप्तान साहब के सुपुत्र एवं दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक श्री दीनबंधु चौधरी ने स्व. चौधरी के जीवन एवं उनसे जुडी साहसिक घटनाओं की जानकारी दी। विधायक श्रीमती अनिता भदेल, डॉ. श्रीगोपाल बाहेत, संभागीय आयुक्त श्री दीपक उप्रेती, पुलिस महानिरीक्षक श्री नंद किशोर, जिला कलक्टर श्री नवीन महाजन, अतिरिक्त कलक्टर श्रीमती स्नेहलता पंवार, जयपुर पिंक सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री एल.एल. शर्मा सहित पत्रकार, राजनीतिज्ञ, लेखक, साहित्यकार तथा कप्तान साहब के परिजन ने कप्तान स्व. दुर्गा प्रसाद चौधरी के चित्र के आगे श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
|