बीकानेर,30 जुलाई। शिक्षा मत्री कालीचरण सर्राफ ने कहा कि बीकानेर संभाग मुख्यालय पर ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफोरमेशन टेक्नोलॉजी खोला जाएगा।
सर्राफ बुधवार को बीकानेर इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी संभाग मुख्यालयों का एक रूपता विकसित करेगा। बीकानेर अभियांत्रिकी महाविद्यालय में शीध्र ही पैट्रोलियम इंस्टीट्यूट खोला जाएगा। प्रदेश की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की 15 अगस्त 08 की यात्रा के दौरान इसकी स्थापना की घोषणा करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साढे चार वर्षों में 48 हजार नए स्कूल खोले अथवा क्रमोन्नत किए गए है। सरकार ने एक वृहद कार्य योजना के तहत प्रत्येक एक किलोमीटर पर प्रारंभिक स्कूल खोल दिया है। नए शिक्षा सत्र में सरकार का यह प्रयास रहेगा कि हर ग्राम पंचायत पर सैकेण्डरी स्कूल खोली जाए। उन्होंने कहा कि कक्षा एक से बारहवीं तक के सभी एक करोड विद्यार्थियों को 265 करोड रुपये की पुस्तकें उपलब्ध करवाई गई। कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र छात्राओं को पाठ्य पुस्तकों के साथ-साथ आध्यात्मिक शिक्षा की पुस्तकें व स्कूल बैंग निःशुल्क सुलभ करवाए जा रहे है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार निजी सहभागिता से उच्च शिक्षा में 52 हजार की जनसंख्या पर एक महाविद्यालय खोला है। तकनीकी शिक्षा में जहां आज से पांच वर्ष पहले 30 हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकते थे, वहीं वर्ष 2008 तक एक लाख विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोडा गया है। उन्होंने कहा कि सभी उप खंड मुख्यालयों पर पॉलोटेक्निक कॉलेज खोला जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में जहां पहले प्रदेश के छात्र-छात्राओं को अन्य राज्यों में शिक्षा ग्रहण करने जाना पडता था वहीं अब यहां तकनीकी क्षेत्र के सभी विषय खोल दिए गए है। हमारा लक्ष्य शिक्षित और प्रशिक्षित राजस्थान करने में पूरी सफलता मिली है। शिक्षा मंत्र्ंाी ने कहा कि बीकानेर अभियांत्रिकी महाविद्यालय से शिक्षा ग्रहण करने वाले सभी छात्र छात्राओं को रोजगार मिल रहा है। यह सुखद बात है ।
इस अवसर पर संसदीय सचिव गोविंद मेघवाल ने बीकानेर अभियांत्रिकी महाविद्यालय में पुस्तकें क्रय करने के लिए विधायक कोटे से पंाच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं पर देश का भविष्य टिका है। युवा पीढी के शिक्षित व संस्कारित बनने से ही देश का विकास संभव है। कॉलेज प्राचार्य एम.पी. पूनिया ने कॉलेज की उपलब्धियों व गतिविधियों के बारे में बताया। पॅालिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य जे.एस.पुरोहित ने आभार जताया।
पूर्व में शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ ने जिला गैर परम्परागत उर्जा पार्क व नवनिर्मित कम्प्यूटर लैब का उद्घाटन किया तथा भौतिक, रसायन शास्त्र की प्रयोगशाला तथा अंग्रेजी बोलने सीखाने की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा प्रयोगशालाओं की गतिविधियों की जानकारी हासिल की।
शिक्षा मंत्री ने देशनोक में करणीमाता के मंदिर में दर्शन किए। उदयरामसर में शिक्षा मंत्री का नागरिकों अभिनंदन किया। अभियांत्रिकी महाविद्यालय व उदयरामसर में आयोजित समारोह में पूर्व विधायक नंद लाल व्यास, ओम प्रकाश आचार्य, गोपाल गहलोत, सत्य प्रकाश आचार्य, बनवारी लाल शर्मा, जानकी नारायण श्रीमाली,नगर परिषद के प्रतिपक्ष नेता भानु व्यास आदि उपस्थित थे। अभियांत्रिकी महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।