जयपुर, ३० अगस्त। विधान सभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्र सिंह ने शहीदों को राष्ट्र का गौरव बताते हुए कहा है कि शहीद की शहादत का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है और जो समाज शहीद का सम्मान करता है वह राष्ट्र का सम्मान करता है।
श्रीमती सिंह बुधवार को झुंझुनूं जिले के अणगासर गांव में शहीद दिलीप कुमार थाकन की पांचवीं पुण्य तिथि पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहीं थी।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि शहादत के सम्मान में आज पूर गांव एकत्रित हुआ है जो शहीद के प्रति सच्ची श्रद्धांजली है। उन्होंने कहा कि शहीद दिलीप कुमार ने देश के लिए जो बलिदान दिया है उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शहीद को हर वर्ष लोग याद करते है जिससे बच्चों को देश भक्ति की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि शहीद के सम्मान में हर वर्ष मेला लगना चाहिए ताकि आने वाली पीढी भी देश के प्रति अपने कर्तव्य को जान सके। उन्होंने शहीद को नमन करते हुए कहा कि अणगासर की भूमि पूजनीय है जिसके कारण देश में भी अणगासर का गौरव बढेगा। उन्होंने शहीद के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि शहीद की शहादत को यह गांव सदैव अक्षुण बनाये रखेगा। उन्होंने इस अवसर पर शहीद की माता नारायणी देवी, पिता इन्द्राज सिंह एवं शहीद की वीरांगना श्रीमती सुनीता थाकन का भी सम्मान किया।
श्रीमती सिंह ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि गांव में शिक्षा के प्रति अच्छा वातावरण है तथा यहां के विद्यार्थियों में अनुशासन है और ग्रामीण क्षेत्र का यह विद्यालय शिक्षा के विकास में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि वे गांव के विकास के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने खेल मैदान के लिए जमीन आवंटित करवाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधान सभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर विद्यालय में वाचनालय का उद्घाटन किया तथा विद्यालय की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया।
इससे पहले विधान सभा अध्यक्ष ने शहीद स्मारक पर जाकर शहीद को श्रद्धाजंली दी तथा शहीद स्मारक स्थल पर नीम को पौधा लगाया।
समारोह की अध्यक्षता डा. घासीराम वर्मा ने की। इस मौके पर में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी श्री प्रताप सिंह वर्मा, कृषि उपज मण्डी समिति झुंझुनू के अध्यक्ष श्री मालीराम नैण, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री मोहर सिंह, उप प्रधान श्री महावीर सिंह, प्रधानाध्यापक श्री मूलचंद वर्मा विशिष्ट अतिथि थे।