समाचार पत्र-पत्रिकाओं की समाज में विश्वसनीयता- खण्डेला
जयपुर। दूरसंचार के इस युग में भी समाचार पत्र-पत्रिकाओं की समाज में बडी विश्वसनीयता और महत्व है। समाचार पत्र से जुडे लोग देश की आबादी के 70-80 प्रतिशत लोग जो गांवों में रहते हैं समाचार पत्र से जुडे लोग निष्ठा और ईमानदारी से उनके हितों का भी ध्यान रखें। देश एवं प्रान्त के विकास के लिए यह बहुत जरूरी है। महादेव सिंह खण्डेला ने यह विचार आज यहां विद्याश्रम विद्यालय के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित महका भारत दैनिक समाचार-पत्र के छठे स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। खण्डेला ने समाचार पत्र के संस्थापक स्व. भीमसेन गर्ग को श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक जुझारू और हिम्मत का धनी बताया और कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए महका भारत समाचार पत्र ने प्रान्त के शीर्ष समाचार-पत्रों में अपना एक स्थान बनाया है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधान सभा अध्यक्ष शेखावत ने कहा कि एक मिशन एवं सिद्घान्तों पर समाज के लिए कुछ करने की तमन्ना लेकर जो काम करते हैं वह निश्चित ही प्रगति करते हैं। उन्होंने स्व. भीमसेन गर्ग को अपनी भावभीनी श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विवेकानन्द व राजीव गांधी ने अपने छोटे से जीवन काल में समाज को नई दिशा दी, उसी तरह भीमसेन ने अपनी छोटी -सी जिन्दगी में एक अलग छाप छोडी है। उन्होंने मिशन के रूप में एक छोटे से दीपक की लौ को जलाया था। मुझे खुशी है कि छह वर्षों में महका भारत ने आज प्रदेश म एक बहुत बडी जगह और अलग पहचान बना ली है। सिंह ने अपनी तथा प्रदेश के चुने हुए 200 जन प्रतिनिधियों की सबसे बडी पंचायत के अध्यक्ष के नाते स्व. भीमसिंह को श्रद्घांजलि दी और कहा कि एक जमाना था जब जुल्म और अन्याय का सामना करने के लिए अखबार एक ताकत हुआ करती थी। स्व. भीमसेन ने भी इसी उद्देश्य को लेकर समाचार-पत्र के प्रकाशन का कार्य आरम्भ किया था। उन्होंने महका भारत परिवार से जुडे सभी लोगों से कहा कि जिन मूल्यों के लिए उन्होंने संघर्ष किया और एक मिशन के रूप में कार्य किया उस विरासत को पूरी निष्ठा से संभालते हुए उनके कार्यों को पूरा करें। विधान सभाअध्यक्ष ने कहा कि किसी भी समाचार पत्र के चाहे कितने ही संस्करण प्रकाशित हों, यदि उसकी विश्वसनीयता नहीं हो तो सब बेमानी है। उन्होंने कहा आज बडे समाचार-पत्रों के अलग-अलग संस्करण होने के कारण एक जगह के समाचार दूसरी जगह पढने को नहीं मिलते हैं जबकि छोटे समाचार पत्र जिनका एक ही संस्करण होता है, देश-प्रदेश के समाचार उनमें हर जगह पर पढने को मिल जाते हैं। उन्होंने प्रदेश भर की खबरों के लिए समाचार -पत्र में एक पृष्ठ निर्धारित करने का सुझाव दिया। समारोह के विशिष्ट अतिथि यातायात मंत्री ब्रज किशोर शर्मा ने स्व. भीमसिंह को नमन करते हुए कहा कि तथ्यात्मक समाचार और वास्तविकता की जानकारी जब तक लोगों को नहीं मिले तब तक पत्रकारिता अधूरी है। जीवन की दिनचर्या में समाचार पत्र की अहमियत बताते हुए उन्होंने कहा कि समाचार-पत्रों के लिए विश्वसनीयता बहुत जरूरी है। शर्मा ने कहा कि आज एक अखबार भी ऐसा देखने में नहीं आता जिसमें पूरे प्रदेश की खबरें प्रकाशित होती हों। उन्होंने सुझाव दिया कि एक पृष्ठ में पूरे राजस्थान की खबरें संकलित कर प्रकाशित की जायें जिससे सरकार और जनप्रतिनिधियों को लोगों की समस्याओं का पता चले और उनके त्वरित समाधान के लिए जो कार्यवाही और योजना तैयार करनी हो उसमें देरी न हो । विशिष्ट अतिथि जल संसाधन मंत्री मदेरणा ने भारत में समाचार-पत्रों के इतिहास एवं स्वतंत्रता आन्दोलन में इनके योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि जन जागरण में समाचार-पत्र संजीवनी का काम करते हैं। हमारे देश जैसी पत्रकारिता किसी देश की नहीं है। उन्होंने ग्रामीण परिवेश की समस्याओं और इनके समाधान के लिए लेखन पर जोर दिया। मदेरणा ने विश्वास व्यक्त किया कि महका भारत परिवार के लोग अपने दायित्वों का भलीभांति निर्वहन कर स्व. भीमसेन जी के उद्देश्यों को पूरा करते हुए इसे एक प्रतिष्ठित एवं लोकप्रिय समाचार का रूप देने में कामयाब होंगे। समारोह के विशिष्ट अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री अशोक बैरवा ने समाचार पत्र के संस्थापक स्व. भीमसेन गर्ग को अपने श्रद्घासुमन अर्पित किये और राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और इनके शीघ्र समाधान का विश्वास दिलाया। बैरवा ने बताया कि सभी पत्र-पत्रिकाओं की जिम्मेदारी होती है कि वे सरकार द्वारा आम आदमी के हित में लिए गए जन कल्याणकारी फैसलों व योजनाओं को आम जनता तक पहचायें तभी सही मायने में लोगों को इनका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने छोटे और मंझले समाचार-पत्रों को भी आश्वत किया कि उनके सुझाव व मार्गदर्शन का सदैव सकारात्मक रूप से ध्यान रखा जाएगा। सूचना एवं जन जनसंपर्क राज्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि स्व. भीमसेन द्वारा लगाए गए इस पौधे को विशाल वृक्ष का रूप देने के लिए महका भारत परिवार पूरी जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच से काम करेगा और उनके सपनों को पूरा करेगा। सांसद लालचंद कटारिया एवं महेश जोशी ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रारम्भ में अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और स्व. भीमसेन गर्ग के चित्र पर श्रद्घासुमन अर्पित किए। समाचार पत्र के कार्यकारी सम्पादक जसवंत सिंह राठी ने अपने स्वागत भाषण में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महका भारत विगत छह वर्षों से जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है। अतिथियों ने इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार वीर सक्सेना को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए 21 हजार रुपये का चैक ,श्रीफल,शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। महका भारत समाचार समूह के अध्यक्ष शैलेन्द्र गर्ग ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर बडी संख्या में जनप्रतिनिधि, पत्रकार, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।