डूंगरपुर ३० सितंबर/जिले में चल रहे संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत वित्तीय स्वीकृति के अभाव में मंद पडी अभियान की चाल को केन्द्र सरकार की स्वीकृति से पुनः गति प्राप्त हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री रघुवंशप्रसाद सिंह की गत दिनों जिले की यात्रा में किए गए आग्रह पर केन्द्र सरकार द्वारा ३५७.७५ लाख रूपयों की स्वीकृति जारी कर दी गई है।
जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि भारत सरकार द्वारा अभियान के तहत १८६८.३२ लाख रूपयों की परियोजना का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था जिसके विरूद्ध प्रथम किश्त के रूप में केन्द्र सरकार ने ३५७.०८ लाख तथा राज्य सरकार ने १८९.१४ लाख रूपये जारी किए गए थे। इसके बाद संशोधित परियोजना प्रस्ताव ३७५९.३० लाख रूपयों का प्रेषित करने पर मार्च २००७ में ३६५९.३१ लाख रूपयों की स्वीकृति दी गई थी परंतु राशि प्राप्त नहीं होने से जिले में अभियान की विभिन्न गतिविधियां बाधित हो रही थी। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा कई बार पत्राचार कर निवेदन किया गया था।
कलक्टर पवन ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री श्री रघुवंशप्रसाद सिंह की यात्रा अभियान के लिए सौगात बन कर आई और कांकरादरा में अभियान की गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन को देखने के बाद अभिभूत हुए मंत्री सिंह ने अभियान संपादन में आ रही परेशानियों के बारे में पूछा था। केन्द्र सरकार द्वारा अभियान की स्वीकृत राशि के प्राप्त नहीं होने की स्थिति को बताए जाने पर केन्द्रीय मंत्री ने दूरभाष से ही राशि प्रेषित करने के निर्देश दिए थे। मंत्री के निर्देशों पर केन्द्रीय ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के निदेशक द्वारा ३५७.७५ लाख रूपयों को जारी करने की स्वीकृति जिला जल एवं स्वच्छता समिति डूंगरपुर को २६ सितम्बर के पत्रांक द्वारा कर दी है जिससे इस अभियान की गतिविधियों को बल प्राप्त हुआ है।
जिला प्रशासन ने केन्द्रीय मंत्री की इस त्वरित कार्रवाई पर आभार व्यक्त किया है।